SaReGaMaPa Winner: शो के इस सीजन की विजेता बनीं नीलांजना रे, चमचमाती ट्रॉफी के साथ मिला इतने लाख का चेक
शो की विजेता बनीं नीलांजना को एक चमचमाती ट्रॉफी और 10 लाख रुपये का चेक भी दिया गया। वहीं, राजश्री बाग और शरद शर्मा इस सीजन के प्रथम और द्वितीय रनर अप रहे।
विस्तार
फर्स्ट रनरअप रहीं राजश्री को मेकर्स की तरफ से पांच लाख रुपये दिए गए तो वहीं शरद शर्मा को तीन लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। शो की विजेता बनीं नीलांजना ने कहा कि वह सारेगामापा 2021 जीतकर बेहद खुश हैं। इस सफर के दौरान दर्शकों से मिले प्यार और सराहना के लिए वह बहुत आभारी हैं। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह एक ऐसा क्षण, जिसे वह कभी भुला नहीं सकतींं।
नीलांजना ने आगे कहा कि इस सफर के दौरान मुझे हमारे जज और मेंटर से बहुत कुछ सीखने को मिला। साथ ही शो के दौरान सभी ज्यूरी सदस्यों से जो फीडबैक मिला, वह काफी प्रेरणादायक रहा। लेकिन इन सबसे बढ़कर मैं उन सभी अनमोल पलों को हमेशा संभाल कर रखूंगी, जो मैंने यहां पर बिताए। इस शो पर हर कोई मेरे लिए एक परिवार के सदस्य की तरह रहा। मुझे यह अवसर देने के लिए मैं जी टीवी का धन्यवाद करना चाहूंगी।
शो के ग्रैंड फिनाले की बात करें तो रविवार को प्रसारित हुए ग्रैंड फिनाले एपिसोड में नीलांजना, राजश्री और शरद ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से जनता का मन जीत लिया। तीनों फाइनलिस्ट के अलावा सारेगामापा ग्रैंड फिनाले में शो के अन्य प्रतिभागियों ने भी अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी। शो के सीजन में टॉप 6 फाइनलिस्ट में जिन सदस्यों में अपनी जगह बनाई उनमें नीलांजना रे,शरद शर्मा, राजश्री बाग, संजना भट्ट, अनन्या चक्रवर्ती और स्निग्धजीत भौमिक शामिल थे।