कबूलनामा: निशा रावल का बड़ा खुलासा, कहा- इस वजह से किए थे घर के CCTV कैमरा बंद
- निशा रावल ने बंद किए थे घर के सीसीटीवी कैमरा।
- एक्ट्रेस बोलीं- कैमरा के सामने करण का व्यवहार अच्छा रहता था।
- एक्ट्रेस और पत्नी निशा रावल के साथ मारपीट करने के आरोप में करण को किया गया था गिरफ्तार।
विस्तार
टेलीविज़न जगत में कभी एक आदर्शवादी जोड़ी के रूप में मशहूर निशा रावल और करण मेहरा के रिश्ते की सच्चाई जबसे दुनिया के सामने आई है उसी वक्त से लगातार दोनों सुर्ख़ियों में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर इन दोनों को लेकर लोगों के सामने रोज़ नए खुलासे हो रहे हैं। निशा ने करण मेहरा पर मारपीट का आरोप लगाया तो वही करण ने भी अपनी पत्नी के बायपोलर व्यक्तित्व का चौकाने वाला खुलासा किया। आपको याद होगा कुछ दिनों पहले ये रिश्ता क्या कहलाता है फेम अभिनेता ने एक बातचीत में ये बताया था कि निशा ने खुद अपना सिर दीवार पर मारा था। इस दौरान निशा ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे, इसलिए उनके पास अपनी बात साबित करने के लिए सुबूत नहीं है। लेकिन अब निशा ने एक ऐसा खुलासा किया है जो हर किसी को अचंभित कर देगा।
एक इंटरव्यू में निशा ने इस बात को कबूल किया कि घर के सीसीटीवी कैमरा उन्होंने ही बंद किए थे। इस बातचीत में निशा ने कहा- हां, मैंने कुछ समय पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरे ऑफ़ किए थे। लेकिन उन्होंने ऐसा कदम उठाने की वजह भी बताई। निशा ने कहा, "सीसीटीवी कैमरा जब भी ऑन होता था तो मेरे और मेरे बेटे कविश के साथ करण का व्यवहार बहुत ही अच्छा होता था। वो कविश के साथ मस्ती करते थे खेलते थे। लेकिन बेडरूम में करण का व्यवहार बदल जाता था और वो मेरे साथ मारपीट करते थे, क्योंकि वहां पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगे थे। इसलिए मैंने कुछ दिनों पहले ही घर के कैमरा बंद कर दिए थे। DVR अब पुलिस के पास जब्त है जिसमें हमारे घर की सारी चीज़े रिकॉर्ड है।“
निशा और करण के प्यार की शुरुआत साल 2008 में हुई थी। जब करण और निशा की पहली मुलाकात हुई थी तो उस समय निशा एक बड़ी कलाकार थी और करण अपने कदम जमाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2012 में ये दोनों शादी के बंधन में बंध गए। निशा ने इस बात का भी खुलासा किया की 14 साल के रिश्ते में इस अभिनेता ने उनपर कई बार हाथ उठाया लेकिन करण के लिए प्यार और अपने बेटे कविश की परवरिश के कारण वो इतने सालों तक चुप रही। इसके अलावा निशा ने ये भी बताया की करण और उनके तलाक होने की वजह इस अभिनेता का किसी और के साथ चक्कर है। इस अभिनेत्री ने ये भी कहा की वो अब तक चुप थी लेकिन आज वो इसलिए मीडिया के सामने आई हैं क्योंकि वो अपने बेटे कविश के लिए कोई गलत मिसाल नहीं बनना चाहती।
'ये रिश्ता क्या कहलाता है फेम अभिनेता ने अपनी पत्नी निशा के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और साथ ही कहा कि निशा को एंगर मैनेजमेंट का इश्यू है जिसकी वजह से न सिर्फ इन दोनों के बीच झगड़ा होता था बल्कि कई दफा निशा ने करण पर हाथ भी उठाया। उन्होंने ये भी कहा की निशा उनसे सम्पति के तौर पर इतना ज़्यादा पैसा मांग रही थी जो कि इस महामारी के बीच देना असम्भव है और इन दोनों के बीच पूरा मुद्दा इसी वजह से गरमाया है। इन सबके बीच इन दोनों को ही अपने टेलीविज़न के दोस्तों से भी सहयोग मिल रहा है।