दरियादिली: 'मौका-ए-वारदात' के असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर का कोरोना से निधन, मेकर्स ने परिवार को दिए 11 लाख रुपये
मनोरंजन जगत भी कोरोना के कहर से अछूता नहीं रहा है। बीते दिनों टीवी सीरियल 'मौका-ए-वारदात' के असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर लक्ष्मण शर्मा का कोरोना से निधन हो गया था। अब मेकर्स ने परिवार को 11 लाख रुपये देने का फैसला किया है।
विस्तार
टीवी सीरियल 'मौका-ए-वारदात' के असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर लक्ष्मण शर्मा का कुछ दिनों पहले कोरोना के कारण 45 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद शो के मेकर्स ने अब उनके परिवार को 11 लाख रुपए का मुआवजा दिया है। इस बारे में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के महासचिव अशोक दुबे का कहना है कि पॉजिटिव पाए जाने के बाद लक्ष्मण को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
शूटिंग से लौटने के बाद हुए थे कोरोना संक्रमित
अशोक दुबे ने कहा, "लक्ष्मण शर्मा एक असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर थे। लक्ष्मण दिल्ली में सीरियल 'मौका-ए-वारदात' की शूटिंग से लौटने के बाद कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्हें सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था और दुर्भाग्य से बच नहीं पाए। हमने लक्ष्मण के निधन के बाद शो के मेकर्स के साथ एक संयुक्त बैठक की थी। इस बैठक में लक्ष्मण की पत्नी को 11 लाख रुपए मुआवजा देने का फैसला किया गया। लक्ष्मण की दो छोटी बेटियां हैं। लक्ष्मण ने कोई कोविड-19 बीमा भी नहीं करवाया था। लक्ष्मण ने शो के लिए केवल एक सप्ताह की शूटिंग की थी।"
लक्ष्मण के निधन के बारे में जानकारी देते हुए उनके एक दोस्त ने कहा, "उसे (लक्ष्मण) दिल्ली में बुखार आ गया था। हम वहां शूटिंग कर रहे थे और उसके बाद वह ठीक भी हो गया था। जब वह मुंबई लौटा तो उसने अपना कोविड-19 टेस्ट कराया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और उसे गंभीर लक्षण भी थे। यह बहुत दुखद है कि अब वो नहीं रहा।"