इंडियन आइडल विवाद: सुनिधि चौहान के आरोपों के बाद आदित्य नारायण ने तोड़ी चुप्पी, बताई पूरी सच्चाई
इंडियन आइडल का विवाद इन दिनों खूब चर्चा में है। किशोर कुमार स्पेशल एपिसोड के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन नई कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में सुनिधि चौहान ने भी शो के खिलाफ कई बयान दिए थे। अब आदित्य नारायण ने एक इंटरव्यू में पूरी सच्चाई बताई है।
विस्तार
इंडियन आइडल इन दिनों खूब चर्चा में बना हुआ है। एक तरफ जहां कंटेस्टेंट्स अपनी आवाज के जादू से जज और दर्शकों का दिल जीत रहे हैं तो वहीं कई बार शो के मेकर्स टीआरपी के लिए कुछ ऐसा कर बैठते हैं जिसकी वजह से उन्हें लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ता है। बीते दिनों किशोर कुमार के एपिसोड को लेकर शुरू हुआ विवाद अभी तक चल रहा है। किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने कहा था कि उनसे सभी प्रतिभागियों की तारीफ करने के लिए कहा गया था। इसपर शो के होस्ट आदित्य नारायण शो के बचाव में खड़े हो गए थे। इसके बाद अभिजीत सावंत ने भी शो के बारे में विवादित टिप्पणी की थी। हाल ही में सुनिधि चौहान ने भी ऐसे ही कई खुलासे किए थे। अब आदित्य नारायण एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
क्या है मामला ?
दरअसल, एक इंटरव्यू के दौरान जब आदित्य से पूछा गया कि क्या सच में अतिथि बनकर आए जजेस से प्रतिभागियों की सिर्फ तारीफ करने के लिए कहा जाता है, तो इसपर आदित्य कहते हैं, 'ऐसा बिल्कुल नहीं होता है और ना ही करने के लिए कहा जाता है।'
बता दें कि सुनिधि चौहान ने अपने बयान में कहा था कि उनसे शो के कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहा गया था। वे कहती हैं, 'सबकी तारीफ के लिए नहीं लेकिन हां तारीफ करने के लिए कहा था। मैंने वो सब नहीं किया इसलिए मुझे शो से अलग होना पड़ा।' सुनिधि चौहान इंडियन आइडल के सीजन 5 और 6 में जज के तौर पर नजर आ चुकी हैं।
सुनिधि आगे कहती हैं, 'हमने नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और विशाल ददलानी को कंटेस्टेंट्स को सही करते हुए नहीं सुना। हमें अमित कुमार के इंटरव्यू को नहीं भूलना चाहिए जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि उन्हें पहले से निर्देश दिया गया था कि हर कंटेस्टेंट की तारीफ करनी है। मुझे लगता है कि यह लोगों का ध्यान खींचने के लिए किया जाता है। मुझे लगता है कि यह अपने दर्शकों को बांधे रखने के लिए किया जाता है। शायद यह काम करता हो। लेकिन इसमें कंटेस्टेंट का ही नुकसान होता है। कंटेस्टेंट को रातोंरात तारीफ और पहचान मिलती है जो एवी के जरिए सामने आती है और अच्छा करने की कोशिश की उनकी भूख कम हो जाती है।'
इससे पहले मनोज मुंतशिर ने भी शो के बचाव में अपना बयान दिया था। मनोज का कहना था कि 'पहले अमित कुमार ने शो में आने के लिए पैसे लिए और बाहर जाकर बुराई करने लगे। अगर उन्हें बुराई ही करनी थी तो उन्हें कभी भी शो का हिस्सा बनने के लिए सहमत ही नहीं होना चाहिए था। मैं उनकी जगह होता तो ऐसा कभी नहीं करता। यदि मुझे लगता कि शो में कुछ गलत हो रहा है तो मैं मेकर्स से बात करता लेकिन बाहर जाकर अचानक अपनी भड़ास नहीं निकालता।'