इस शो के रूप में हुआ समर कैंप का आयोजन, बच्चों ने सीखीं अलग अलग कलाकारियां
हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल कलर्स ने अपने कार्यक्रमों में काम करने वाले कलाकारों के साथ एक डिजिटल समर कैंप 'कलर्स की फनशाला' का आयोजन किया। इस समर कैंप में उन्होंने लॉकडाउन के इस दौर में घरों में बैठे बच्चों का मनोरंजन करने के कई तरीके इस्तेमाल किए। चैनल के कार्यक्रमों में काम करने वाले अभिनेताओं ने समर कैंप की मेजबानी की और घर बैठे बच्चों और उनके माता-पिता को टीशर्ट पेंटिंग, फिटनेस और नृत्य, खाना पकाने और शिल्पकला जैसी गतिविधियों में शामिल किया। चैनल के बाल कलाकारों ने भी इन गतिविधियों में भाग लिया और उन्होंने भी अपने प्रशंसकों का खूब मनोरंजन किया।
धारावाहिक 'छोटी सरदारनी' में मेहर का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री निमृत कौर ने अपने ऑनस्क्रीन बेटे परम को शिल्प कला सिखाई और सिखाने के साथ उन्होंने अपने दर्शकों को भी इसकी जानकारी दी। वहीं दूसरी ओर तेजस्वी प्रकाश ने फिटनेस को अपनाया। उन्होंने आभा भटनागर को एक सरल व्यायाम सिखाया। इस व्यायाम को घर में रहकर कोई भी कर सकता है। मराठी फिल्मों की नामी अभिनेत्री अमृता खानविलकर ने ऑनलाइन डांस क्लास ली जिसमें उन्होंने अपने दर्शकों को कुछ डांस स्टेप सिखाए।
इन गतिविधियों के बारे में तेजस्वी प्रकाश ने कहा, 'मैं इस फनशाला में भाग लेने के लिए बहुत उत्सुक थी। यह बच्चों के लिए बहुत जरूरी थी। बच्चे लॉकडाउन की वजह से मैदान में खेलने नहीं जा पा रहे हैं इसलिए मैंने फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों को चुना। स्वस्थ दिमाग के साथ स्वस्थ शरीर भी होना महत्वपूर्ण है। इस दौरान मैंने आभा को कुछ योग कलाएं भी सिखाईं। वह बहुत होशियार लड़की है। सबकुछ बहुत जल्दी सीख गई।'
इस प्रोग्राम के बारे में निमृत कौर आहलूवालिया ने बताया कि घर में पड़ी खराब चीजों का इस्तेमाल अगर कुछ बेहतरीन चीजों को बनाने में किया जाए तो इसमें बहुत मजा आता है। वह कहती हैं, 'मैं हमेशा से ही एक रचनात्मक व्यक्ति रही हूं। जब मैं स्कूल में थी तब मुझे शिल्प कला में बहुत रुचि थी। इस शो के अंदर मुझे यह फिर से करने का मौका मिला, इसलिए मैं आज बहुत खुश हूं।'