'दांत टूटा, चेहरा सूज गया' स्प्लिट्सविला 16 की प्रतियोगी प्रीत के साथ हुआ हादसा; बयान किया दर्द भरा किस्सा
Preet Singh: स्प्लिट्सविला 16 की प्रतियोगी प्रीत ने बताया है कि उनके साथ बड़ा हादसा हो गया है। उन्होंने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करके अपनी हालत दिखाई है।
विस्तार
एमटीवी स्प्लिट्सविला सीजन 16 की प्रतियोगी प्रीत सिंह ने हाल ही में अपने साथ हुए एक हादसे के बारे में बताया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई के एक क्लब में उनके साथ मारपीट हुई। इसके बाद उनका एक दांत टूट गया और आंखें सूज गईं।
इंस्टाग्राम पर प्रीत ने अपना एक वीडियो शेयर किया है। इसमें देखा जा सकता है कि उनकी आंखें सूजी हुई हैं। कैप्शन में, उन्होंने विस्तार से घटना के बारे में बताया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा 'चेतावनी। मैंने हमेशा सुना है कि मुंबई लड़कियों के लिए सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है। मगर, मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह मेरा स्वागत इस तरह करेगा। जब मैं यह लिख रही हूं, तब भी मैं कांप रही हूं। मेरी आंखें सूजी हुई हैं। मेरे चेहरे पर चोट के निशान हैं। मैं अभी भी यह समझने की कोशिश कर रही हूं कि आखिर हुआ क्या।'
उन्होंने बताया कि उनके साथ क्या हुआ। उन्होंने लिखा, 'मैं बस एक क्लब में अपनी दोस्त के साथ बैठी समय बिता रही थी, तभी अचानक एक लड़की चिल्लाने लगी और सवाल करने लगी कि हमें अंदर आने की इजाजत कैसे मिली। जो बात सिर्फ कहा-सुनी से शुरू हुई थी, वह जल्द ही एक भयानक घटना में बदल गई।'
इंस्पेक्टर से लेकर विलेन तक की निभाई भूमिका, अभिनय पर देव आनंद के भाई दिल हारे; पढ़ें भरत कपूर के किस्से
उन्होंने आगे लिखा 'उस लड़की का एक दोस्त बीच में आया और उसने हमारे साथ मारपीट की। मुझे इतनी जोर से मारा गया कि मेरा एक दांत टूट गया और मेरा चेहरा सूज गया। जब लोगों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर यह सब रुका। बाद में मुझे पता चला कि वह लड़की एक तथाकथित ‘इन्फ्लुएंसर’ है। मैं अभी भी सदमे में हूं कि ऐसी कोई घटना इतनी खुलेआम कैसे हो सकती है। किसी के भी साथ ऐसा नहीं होना चाहिए।'
स्प्लिट्सविला 16 से प्रीत को जल्द ही बाहर कर दिया गया। ऐसा तब हुआ जब वह विशु बजाज के साथ 'ओरेकल' के पास गईं, लेकिन उन्हें 'आइडियल मैच' घोषित नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें शो से एलिमिनेट होना पड़ा। इस शो को सनी लियोनी और करण कुंद्रा होस्ट करते हैं। इसे जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।