Cannes: डेब्यू से पहले रेड कार्पेट पर उतरी यह एक्ट्रेस, अनुपम खेर से है खास कनेक्शन; पारुल और दिशा भी नजर आईं
शुक्रवार को इंडियन सिनेमा से जुड़ी कई एक्ट्रेसेस कान फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर नजर आईं। इसमें एक ऐसी बॉलीवुड एक्ट्रेस भी पहुंचीं, जिसका जल्द ही अनुपम खेर की एक फिल्म से डेब्यू होने वाला है। साथ ही इस इवेंट में एक्ट्रेस पारुल गुलाटी और दिशा मदान भी शामिल हुईं।
विस्तार
इन दिनों कान फिल्म फेस्टिवल चर्चा में है, इस फिल्म फेस्टिवल में कई सेलिब्रिटीज शामिल हो रहे हैं। हाल ही में अनुपम खेर निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की एक्ट्रेस भी कान फिल्म फेस्टिवल में नजर आईं। फिल्म रिलीज से पहले ही वह कान के रेड कार्पेट पर डेब्यू कर रही हैं। इस बात को वह एक अचीवमेंट मानती हैं। जानिए, कौन है वो एक्ट्रेस? साथ ही पारुल गुलाटी और दिशा मदान का लुक कान फिल्म फेस्टिवल में कैसा रहा?
शुभांगी का सच हुआ सपना
‘तन्वी द ग्रेट’ की एक्ट्रेस शुभांगी दत्त ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कीं, जिसमें अपना कान फिल्म फेस्टिवल का लुक साझा किया। साथ ही एक कैप्शन भी लिखा है। वह लिखती हैं, ‘सपनों से लेकर रेड कार्पेट तक। मैंने फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल- द फाइनल रेकनिंग’ के वर्ल्ड प्रीमियर के लिए कान्स फिल्म फेस्टिवल रेड कार्पेट पर वॉक किया। साथ ही अपनी डेब्यू फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ के वर्ल्ड प्रीमियर के लिए भी यहां आई हूं। यह कहना भर ही मुझे किसी सपने की तरह लग रहा है। मैं मनीष मल्होत्रा की बनाई खूबसूरत ड्रेस में हूं। अभी मैं हर उस बात के बारे में सोच रही हूं, जो मुझे यहां तक लेकर आई है, मेरे सपने, कई ऑडिशन, खुद पर यकीन ना करने के कुछ पल, रातों की नींद गायब हो जाना और वे सब लोग जिन्होंने मुझ पर यकीन किया है।’ आगे वह अनुपम खेर और अपनी टीम को शुक्रिया कहती हैं।
एक्ट्रेस पारुल गुलाटी का ब्लैक ड्रेस में दिखा जलवा
शुभांगी दत्त के अलावा कान फिल्म फेस्टिवल में एक्ट्रेस पारुल गुलाटी भी पहुंचीं। इस जगह पहुंचने का सपना पारुल कई सालों से देख रही थीं। पारुल ने इंस्टाग्राम पर कान फिल्म फेस्टिवल के अपने लुक को साझा किया। साथ ही कैप्शन लिखा, ‘कान फिल्म फेस्टिवल में एक रात।’
कान फेस्टिवल में पहुंचीं दिशा मदान
साउथ एक्ट्रेस दिशा मदान भी कान फेस्टिवल में पहुंची हैं। इस एक्ट्रेस ने भी अपना लुक फैंस के साथ शेयर किया है। साथ ही अपनी फोटो के साथ एक कैप्शन लिखा है, ‘ कर्नाटक से कान तक।’ यह एक्ट्रेस अब तक कन्नड़ भाषा की कई फिल्में और शो कर चुकी हैं।
कान फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत में उर्वशी रौतेला पहुंची थीं, हाल ही में नितांशी गोयल भी पहुंचीं। जल्द ही ऐश्वर्या राय, करण जौहर जैसे सेलिब्रिटी भी इस इवेंट में नजर आएंगे।