Anupam Kher: अचानक अनुपम खेर के दफ्तर पहुंचीं मां दुलारी, बेटे से मांगा इस बात का सबूत, जानिए
Anupam Kher Mother Dulari: अभिनेता अनुपम खेर की मां दुलारी हाल ही में बेटे के दफ्तर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बेटे को आशीर्वाद दिया और कई दिलचस्प बातें साझा कीं।
विस्तार
अनुपम खेर अक्सर अपनी मां दुलारी से बातचीत की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। वे दोनों जब साथ बैठते हैं तो अक्सर घर-परिवार, समाज और धर्म से जुड़ी बातें करते हैं। कभी पुराने किस्से साझा करते हैं। हाल ही में अनुपम खेर ने मां दुलारी का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वे बेटे के ऑफिस में बैठी नजर आ रही हैं।
अनुपम खेर से मांगा सबूत
अनुपम खेर ने मां का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। इसमें दुलारी अनुपम खेर के ऑफिस में उनकी कुर्सी पर बैठी दिख रही हैं। अनुपम खेर ने पोस्ट के साथ लिखा है, 'ये कुर्सी हमेशा बरकरार रहे! मां के इन शब्दों ने दिल खुश कर दिया। दुलारी ने जर्मनी से सेंट मंगवाया था, जो उन्हें लगा मैंने किसी और को तो नहीं दे दिया! इसका सबूत मांगने माता जी ऑफिस आ गईं। मैंने उन्हें अपनी कुर्सी पर बिठा कर कुछ बातें की। आप भी सुनिए और मजे लीजिए और दिल करे तो शेयर भी करिए। मां बाप का स्थान घर और ऑफिस की सबसे ऊंची कुर्सी पर होता है! जय माता की'!
अनुपम खेर बोले- 'इस कुर्सी तक पहुंचने में बहुत मेहनत की'
वीडियो में अनुपम खेर अपनी मां से कह रहे हैं, 'चेयरमैन साहिबा। आप इस कुर्सी पर बैठी हैं, आपके क्या ख्यालात हैं?' इस पर दुलारी कहती हैं, 'बस ये कुर्सी बनी रहे। भगवान करे जो बैठता है इस पर वह खुश रहे, सब दुनिया को खुश करे। ईश्वर मेरे बच्चों को भी खुशियां दे'। इस पर अनुपम खेर कहते हैं, 'इस कुर्सी तक पहुंचने में बहुत मेहनत की है मैंने मम्मी।' इस पर दुलारी कहती हैं, 'जो किया है मां ने किया है। ऊपर वाले ने किया है। भगवान ने फल दिया है मेहनत का'। अनुपम खेर ने अपनी कुछ युवावस्था की फोटोज भी दिखाईं, जिस उम्र से उनका संघर्ष शुरू हुआ था।
Vadh 2: संजय मिश्रा और नीना गुप्ता ने पूरी की 'वध 2' की शूटिंग, सेट से शेयर की तस्वीर
मां के लिए जर्मनी से परफ्यूम लेकर आए अनुपम खेर
इस दौरान दुलारी ने अनुपम खेर से वह परफ्यूम मांगा, जो अनुपम खेर अपनी हालिया जर्मनी यात्रा से अपनी मां के लिए लेकर आए। अनुपम खेर ने मां को परफ्यूम दिया, जिसे पाकर दुलारी काफी खुश हुईं। उन्होंने कहा कि वे खुद इसे लेने ऑफिस चली आईं, क्योंकि उन्हें लगा कि अनुपम खेर इसे किसी और को न दे दें। इस पर अनुपम खेर कहते हैं, 'नहीं ऐसा नहीं है'। मां-बेटे की इस दिलचस्प बातचीत पर यूजर्स प्यार लुटा रहे हैं।