तेलुगु अभिनेता भरत कांत का सड़क दुर्घटना में निधन, ट्रक से हुई कार की भिड़ंत; पुलिस ने शुरू की जांच
Bharath Kanth Death: तेलुगु अभिनेता भरत कांत और सिनेमैटोग्राफर जी साई त्रिलोक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानिए कब और कहां हुआ हादसा…
विस्तार
तेलुगु सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आ रही है। अभिनेता भरत कांत का एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है। इस दौरान उनके साथ प्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर जी साई त्रिलोक भी मौजूद थे। दोनों की कार की ट्रक से भिड़ंत में मौके पर ही मौत होने की खबर सामने आ रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
एएनआई के मुताबिक, घटना हैदराबाद आउटर रिंग रोड पर हुई। हैदराबाद के आदिबतला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओआरआर के एग्जिट नंबर 12 के पास एक ट्रक से कार की टक्कर में तेलुगु अभिनेता भरत कांत और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना कल रात हुई। आदिबतला पुलिस ने बताया कि हमने मामला दर्ज कर लिया है, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रहे हैं।
Hyderabad, Telangana: Telugu actor Bharath Kanth and another person lost their lives after their car collided with a truck near Exit No. 12 on the ORR under Adibatla police station limits in Hyderabad. This incident happened last night. We have registered a case, shifted the…
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) May 11, 2026
आदिबतला इंस्पेक्टर बी रवि कुमार के मुताबिक, ‘जब कार एग्जिट संख्या 12 के पास पहुंची, तो कार चला रहे भरत कांत ने आगे चल रहे एक कंटेनर ट्रक को टक्कर मार दी। भरत कांत और साई त्रिलोक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।’ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस कार में दोनों यात्रा कर रहे थे, वह इस भीषण टक्कर से पूरी तरह से चकनाचूर हो गई थी।
यह घटना तब घटी जब वे नेल्लोर से हैदराबाद लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के रहने वाले थे। रिपोर्ट में बताया गया कि भरत कांत और त्रिलोक शनिवार रात हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे। लगभग सुबह 3 बजे वे पेद्दांबरपेट स्थित आउटर रिंग रोड पर पहुंचे। माना जा रहा है कि वे शमशाबाद की ओर जा रहे थे तभी यह जानलेवा दुर्घटना हुई। दोनों की पहचान उनके फोन और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से की गई।
उभरते हुए अभिनेता थे भरत कांत
अभिनेता की मौत का आधिकारिक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। भरत कांत और जी साई त्रिलोक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस बीच लापरवाही से गाड़ी चलाने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। भरत कांत एक उभरते हुए अभिनेता थे, जबकि त्रिलोक एक कैमरामैन थे। खबरों के मुताबिक, दोनों लगभग एक दशक पहले तेलुगु फिल्म उद्योग में अपना करियर बनाने के लिए हैदराबाद आए थे।