‘पेद्दी’ की रिलीज के बाद राम चरण को पापा नहीं कहती उनकी बेटी, फिल्म की सफलता से इस बात को लेकर डरे हैं एक्टर
Ram Charan On Peddi Success: ‘पेद्दी’ की सफलता से उत्साहित राम चरण ने सभी का शुक्रिया जताया। जानिए फिल्म की सफलता के बाद राम चरण को है किस बात का डर…
विस्तार
राम चरण की ‘पेद्दी’ अभी भी सिनेमाघरों में बनी हुई है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया और क्रिटिक्स से भी फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रियाएं हासिल हुईं। हालांकि, रिलीज के बाद फिल्म में जान्हवी कपूर के प्रदर्शन को लेकर आलोचनाएं भी हुईं और फिल्म विवादों में घिर गई। अब हाल ही में हुए फिल्म के सक्सेस इवेंट में अभिनेता राम चरण ने आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि आखिर क्यों फिल्म रिलीज के बाद उनकी बेटी अब उन्हें 'नान्ना' (पिता) कहकर नहीं बुलाती है।
राम चरण को ‘पेद्दी’ कहकर बुलाती है उनकी बेटी
इवेंट में बोलते हुए राम चरण ने कहा कि 'पेद्दी' ने उनकी जिंदगी को किसी भी दूसरी फिल्म के मुकाबले ज्यादा बदला है। आप लोगों ने इस फिल्म को इतना बड़ा हिट बना दिया है कि मुझे डर है कि आप राम चरण को भूल जाएंगे और सिर्फ 'पेद्दी' को याद रखेंगे। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैंने घर पर भी ऐसा ही अनुभव किया है।
मेरी छोटी बेटी क्लिन कारा फिल्म रिलीज होने से पहले मुझे 'नान्ना' कहकर बुलाती थी। लेकिन अब वह मुझे 'ए पेद्दी' कहती है। जब मैं उसे ऐसा न करने के लिए कहता हूं, तो वह मुझे 'पेद्दी नान्ना' बुलाती है। यानी वह भी मुझे भूल गई है। इवेंट में मौजूद चिरंजीवी यह सुनकर मुस्कुरा दिए।
फिल्म की सफलता के लिए दर्शकों और टीम का जताया आभार
फिल्म की सफलता के लिए दर्शकों का शुक्रिया अदा करने से पहले राम ने 'पेद्दी' की टीम का भी धन्यवाद किया। एक्टर ने कहा कि मुझे 'टैगोर' फिल्म का एक डायलॉग याद है। तेलुगु लोग आसानी से किसी को पसंद नहीं करते, लेकिन एक बार जब वे पसंद कर लेते हैं, तो मरते दम तक उनसे प्यार करते हैं।
ठीक वैसे ही चाहे किसी ने कुछ भी कहा हो या कैसे भी रिव्यू लिखे हों, यह फिल्म असल में हमारी नहीं, बल्कि दर्शकों की है। उन्होंने फिल्म देखने के बाद रिव्यू देने और अच्छी बातों पर ध्यान देने के लिए भी दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।
'पेद्दी' का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म में राम चरण के अलावा जान्हवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। यह फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्म बन गई है।