Mohanlal: क्या मोहनलाल बनेंगे मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष?,पद वापस ग्रहण करने पर तोड़ी चुप्पी
मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स के अध्यक्ष पद से तब इस्तीफा दे दिया था जब हेमा कमेटी की रिपोर्ट सामने आई थी। हाल ही में उन्होंने वापस अध्यक्ष बनने से जुड़ी बातों को स्पष्ट किया।
विस्तार
कुछ महीनों पहले जब हेमा कमिटी की रिपोर्ट सामने आई तो मलयालम इंडस्ट्री में भूचाल आ गया। इस रिपोर्ट में मलयालम सिनेमा में महिलाओं की स्थिति पर कई खुलासे किए गए। रिपोर्ट में कहा गया कि महिलाओं पर अलग-अलग तरह से शोषण किया जा रहा है। इसमें यौन उत्पीड़न की शिकायत भी शामिल रही। यह रिपोर्ट सामने आई तो एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स के अध्यक्ष पद से मोहनलाल ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया। अब एक बार फिर से उनके वापस अध्यक्ष बनने की बात सामने आई है, इस विषय पर मोहनलाल ने भी अपनी राय स्पष्ट की।
पद पर वापस नहीं जाएंगे
मोहनलाल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि वह अब एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स के अध्यक्ष पद पर वापस नहीं आएंगे। इस तरह से उन्होंने इस बात को पूरी तरह से खारिज कर दिया कि वह वापस अध्यक्ष बन रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह समिति के अंदर कोई और पद भी ग्रहण नहीं करेंगे।
जवाबदेही पर भी बात की
कुछ दिन पहले भी मोहनलाल ने एक समारोह में हेमा कमिटी और मलयालम सिनेमा की वर्तमान स्थिति पर बात की। वह कहते हैं, 'अगर आप पूछते हैं कि हम सभी ने एसोसिएशन में अपने पद क्यों छोड़ दिए हैं, तो इसका जवाब यह है कि पूरा मलयालम फिल्म उद्योग जवाबदेह है। हेमा कमिटी की रिपोर्ट ने कई मुद्दों को उजागर किया है।' साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एसोसिएशन अस्थाई रूप से अपनी गतिविधियां चला रही है, जिससे कि मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के स्वास्थ्य और उपचार में सहायता होती रहे, इसमें किसी तरह की कोई समस्या ना आए।
कई फिल्मों में आएंगे मोहनलाल नजर
मोहनलाल अपने फिल्मी करियर में भी काफी व्यस्त हैं। वह अगले साल कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा होंगे इसमें 'कनप्पा' और 'राम' जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में दर्शकों को मोहनलाल की उम्दा अदाकारी देखने को मिलेगी।