‘प्रेग्नेंसी में की गाने और चेज सीन की शूटिंग’, ‘मां इंटी बंगारम’ की निर्देशक ने सामंथा को बताया सुपरस्टार
Samantha Ruth Prabhu: ‘मां इंटी बंगारम’ की निर्देशक नंदिनी रेड्डी ने सामंथा के डेडिकेशन की जमकर तारीफ की। जानिए क्यों उन्होंने सामंथा को बताया असली सुपरस्टार…
विस्तार
एक्टर सामंथा रूथ प्रभु ने अपने दूसरे प्रोडक्शन वेंचर 'मा इंटी बंगारम' के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया, तब भी जब उन्हें पता चला कि वह प्रेग्नेंट हैं। फिल्म की सक्सेस पार्टी के दौरान अपनी प्रेग्नेंसी का इशारा करने और कुछ दिनों बाद इसकी पुष्टि करने के बाद अब डायरेक्टर बीवी नंदिनी रेड्डी ने अब बताया है कि सामंथा ने प्रेग्नेंसी के दौरान ही फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग की थी। इसमें एक गाना और कार का पीछा करने वाला सीन भी शामिल है।
गाने की शूटिंग के दौरान प्रेग्नेंसी का पता चला
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में फिल्म की निर्देशक नंदिनी ने बताया कि सामंथा 'थसाडिया' गाने की शूटिंग कर रही थीं, तभी उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि गाने में जोरदार डांस मूव्स थे और टीम को अभी भी एक कार चेज सीक्वेंस शूट करना था, हालांकि ज्यादातर मुश्किल और शारीरिक मेहनत वाले हिस्से तब तक पूरे हो चुके थे।
नंदिनी ने कहा हमने ध्यान रखा कि यह उनके लिए बहुत ज्यादा थकाने वाला न हो और उन्हें बीच-बीच में आराम मिलता रहे। शूटिंग के दौरान गर्मी का मौसम आ रहा था, इसलिए हमने तेज धूप में शूटिंग नहीं की। हमने यह पक्का करने के लिए सावधानी बरती कि वह बहुत ज़्यादा थक न जाएं।
सामंथा हर मामले में सुपरस्टार हैं
सामंथा की तारीफ करते हुए नंदिनी ने कहा कि वह हर मामले में सुपरस्टार हैं। उनकी परफॉर्मेंस, उनका ह्यूमर, उनके इमोशन्स, उनका एक्शन, उनका डांस मतलब, उन्होंने सब कुछ किया है। हमारी कोशिश उन्हें उनके पूरे जलवे के साथ दिखाने की थी।
हमें पता था कि इससे फिल्म के लिए जादू हो जाएगा क्योंकि लोग उन्हें बहुत पसंद करते हैं। वह दिखने में छोटी-सी लगती हैं, लेकिन उनके कंधे बहुत मजबूत हैं, जिन पर वह चीजों को बहुत अच्छे से संभालती हैं।
शूटिंग के दौरान हम सब एक ही मकसद के लिए काम कर रहे थे और वह था हमारी हीरो, सामंथा को बेहतरीन तरीके से पेश करना। मुझे लगता है कि हर कोई इसके लिए तैयार था, इसलिए मजा आया।
'मां इंटी बंगारम' 2021 के बाद सामंथा की बॉक्स ऑफिस पर पहली बड़ी हिट है। नागा चैतन्य से अलग होने और फिर तलाक के कुछ समय बाद ही उन्हें मायोसिटिस का पता चला और वह कुछ समय के लिए काम से दूर हो गईं।
उनके बाद के प्रोजेक्ट्स, 'शाकुंतलम' और 'खुशी', दर्शकों को उतने पसंद नहीं आए, लेकिन बीमारी और प्रेग्नेंसी के दौरान भी उन्होंने काम करना जारी रखा। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी एक रिकॉर्ड बनाया है और यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला-प्रधान तेलुगु फिल्म बन गई है। दुनिया भर में 80 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई के साथ इसने अनुष्का शेट्टी की 2009 की फिल्म 'अरुंधति' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।