‘क्या रोमांस सिर्फ स्विट्जरलैंड में ही हो सकता है?’ कमल हासन ने इंडस्ट्री से की फिजूलखर्च कम करने की अपील
Kamal Haasan: कमल हासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद अब इंडस्ट्री के लोगों से फिजूलखर्च कम करने की अपील की है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने, सोना न खरीदने और विदेश यात्रा न करने समेत राष्ट्रीय संयम की अपील की थी। अब तमिल सुपरस्टार और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते आर्थिक दबाव का हवाला देते हुए फिल्म इंडस्ट्री से अपने खर्च करने के तरीकों पर विचार करने की अपील की है। कमल हासन ने एक बयान जारी कर लग्जरीनेस और फिजूलखर्च को कम करने की अपील की है।
विदेश की जगह देश में ही शूटिंग करने और खर्च कम करने की अपील
सोशल मीडिया पर कमल हासन ने अपना एक विस्तृत बयान जारी किया। इसमें महंगी विदेशी लोकेशनों पर इंडस्ट्री की निर्भरता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि हर लव स्टोरी सिर्फ पेरिस में ही क्यों पनपनी चाहिए? गहराता वैश्विक संकट जो ईंधन, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स को प्रभावित कर रहा है फिजूलखर्ची वाली विदेश यात्राओं के बजाय अनुशासन और स्थानीय भरोसे की मांग करता है।
उन्होंने कहा कि यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब फिल्म बजट पहले से ही बढ़ रहे हैं और बाजार में सुधार अभी भी नहीं है। इसका असर सिर्फ निर्माण तक ही सीमित नहीं रहेगा, क्योंकि महंगाई के दबाव से आने वाले महीनों में एंटरटेनमेंट पर उपभोक्ता खर्च में भी बदलाव आ सकता है। दिहाड़ी मजदूरों और फिल्ममेकर्स पर बोझ पड़ने से पहले इंडस्ट्री को इन मुद्दों का समाधान करना होगा।
हर लव स्टोरी पेरिस में ही क्यों पनपती है?
अपने बयान में सुपरस्टार ने आगे लिखा कि खर्च किया गया हर रुपया फिल्म के लिए ही होना चाहिए, न कि सिर्फ दिखावे के लिए। सिनेमा की अर्थव्यवस्था में कोई भी सुधार वर्कर्स की सेलरी, सुरक्षा, सम्मान, खाना, परिवहन, घर या काम करने की परिस्थितियों की कीमत पर नहीं होना चाहिए। इसका बोझ सबसे अधिक मेहनत करने वालों पर नहीं डाला जा सकता।
इसके बजाय फिल्म इंडस्ट्री को फिजूलखर्ची, खराब योजना, गैर-जरूरी लग्जरीनेस, विदेश यात्रा और फिल्म मेकिंग में देरी को कम करने पर देना चाहिए। सवाल उठाते हुए कमल हासन ने पूछा कि हर लव स्टोरी पेरिस में ही क्यों पनपती है और हर हनीमून स्विट्जरलैंड में ही क्यों होता है? रोमांस के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं है। भारतीय सिनेमा और भारतीयों को खुद पर और देश पर अधिक भरोसा दिखाना चाहिए।
आज सिनेमा के अर्थशास्त्र की रक्षा करेंगे, तभी कल भविष्य की रक्षा कर सकेंगे
कमल हासन ने इंडस्ट्री के सभी लोगों से बातचीत करने की अपील की, ताकि आने वाली आर्थिक चुनौतियों से निपटने के तरीके खोजे जा सकें। उन्होंने काम करने के अधिक व्यावहारिक और टिकाऊ तरीकों का प्रस्ताव रखा, जिनमें बेहतर शूटिंग अनुशासन, सख्त शेड्यूल, लग्जरीनेस और अनावश्यर खर्चों में कमी, संभव हो तो विदेश यात्राओं में कटौती समेत अधिक टिकाऊ प्रोडक्शन शामिल हैं। अगर हम आज सिनेमा के अर्थशास्त्र की रक्षा करते हैं, तो हम कल सिनेमा के भविष्य की रक्षा करेंगे।
My appeal to our Industry.@ficci_india @producers_guild @tfpcin @TFPCOffl @kfpaofficial @TFCCofficial @imppa_official @federation_film @fwicemum @aifecsocial @aicwaofficial @tfapatn #SouthIndianFilmChamberOfCommerce #NorthernIndiaMotionPicturesAssociation… pic.twitter.com/24WXgYlbHN
— Kamal Haasan (@ikamalhaasan) May 15, 2026
वर्कफ्रंट की बात करें तो कमल हासन आखिरी बार पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'ठग लाइफ' में नजर आए थे। उनकी आगामी फिल्मों में सुपरस्टार रजनीकांत के साथ नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित फिल्म शामिल है। इसके अलावा वो नागा वामसी द्वारा निर्देशित ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में भी नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। इसमें उनके साथ प्रभास और अमिताभ बच्चन भी प्रमुख भूमिका में हैं।