‘पेद्दी’ के प्रमोशन के दौरान बेकाबू हुई भीड़, राम चरण के चोटिल हाथ पर फिर लगी चोट; अफरा-तफरी का बना माहौल
Ram Charan in Peddi: हाल ही में एक्टर राम चरण बेंगलुरु में फिल्म ‘पेद्दी’ के प्री-रिलीज प्रेस मीट के लिए पहुंचे थे। इस बीच फैंस ने उन्हें घेर लिया, जिस वजह से उनके हाथ में फिर से चोट लग गई।
विस्तार
साउथ सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म पेद्दी के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इससे पहले वे और ‘पेद्दी’ की पूरी टीम भोपाल में प्रमोशन के लिए पहुंची थी। आज एक्टर बेंगलुरु में प्री-रिलीज प्रेस मीट के लिए पहुंचे थे, जहां भीड़ की वजह से उन्हें चोट लग गई।
हाथ फिर से हुआ चोटिल
राम चरण बेंगलुरु में फिल्म ‘पेद्दी’ के प्री-रिलीज प्रेस मीट के दौरान फैंस की भारी भीड़ के बीच घिर गए। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में उनकी वही हाथ फिर से चोटिल हो गया, जिसमें उन्हें पहले फिल्म की शूटिंग के दौरान चोट लगी थी।
इस इवेंट में शिव राजकुमार और जान्हवी कपूर भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान जब सितारे दर्शकों से बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ फैंस स्टेज पर चढ़ने की कोशिश करने लगे, जिससे माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया।
स्थिति संभालना हुआ मुश्किल
घटना उस समय हुई जब राम चरण एक छोटे फैन के लिए क्रिकेट बैट पर साइन कर रहे थे। तभी कई फैंस जबरदस्ती स्टेज पर आने लगे और स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। इस दौरान के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ महिला फैंस स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रही हैं, जबकि बाउंसर उन्हें रोकते हुए धक्का देते नजर आ रहे हैं। इस अफरा-तफरी में महिलाओं के साथ गलत तरीके से पेश आने की भी झलक दिखाई दे रही है।
फैंस राम चरण को माला पहनाकर सम्मानित करना चाहते थे, लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ हालात और बिगड़ गए। इसी दौरान एक फैन ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की और उसी हाथ को जोर से थाम लिया, जिसमें पहले से चोट थी, जिससे उनकी चोट दोबारा उभर आई।
ये भी पढ़ें- Don 3 Controversy: 'डॉन 3' विवाद पर रणवीर की टीम ने जारी किया बयान, बताया एक्टर ने क्यों साधी मामले पर चुप्पी
'पेद्दी' फिल्म के बारे में
फिल्म में राम चरण एक मजदूर और स्पोर्ट्समैन के किरदार में नजर आएंगे। ‘पेद्दी’ में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा, रवि किशन और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।