Singers: विदेशी कलाकारों के साथ गाना गा चुके हैं ये भारतीय गायक, सोनू निगम से लेकर दिलजीत तक का नाम हैं शामिल
दिलजीत दोसांझ, सोनू निगम, अरमान मलिक और किंग उन भारतीय गायकों में शामिल हैं, जो विदेशी कलाकारों के साथ काम कर चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग संस्कृति के लोगों से भारतीय संगीत का परिचय करा चुके हैं।
विस्तार
भारतीय गीत हमेशा से ही दुनियाभर के श्रोताओं द्वारा सराहे जाते हैं। पुराने जमाने से लेकर नए जमाने तक के कई गीत ऐसे हैं, जिन्हें दुनिया के अलग-अलग कोने में रहने वाले लोगों द्वारा गाया जाता है। कई भारतीय गायक तो ऐसे भी हैं, जो विदेशी गायकों के साथ भी काम कर चुके हैं। इनमें दिलजीत दोसांझ, किंग, सोनू निगम और अरमान मलिक शामिल हैं। इन सभी ने विदेशी कलाकारों के साथ काम करके अलग-अलग संस्कृति के लोगों से भारतीय संगीत का परिचय कराया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगीत के क्षेत्र में नाम भी कमाया।
दिलजीत दोसांझ
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ आज संगीत की दुनिया का बड़ा नाम हैं। वो अब दुनिया के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्म करते हैं। अपने गीतों के अलावा वो अभिनय को लेकर भी चर्चा में बने रहते हैं। हाल ही में, उनकी फिल्म 'जट्ट एंड जूलियट 3' रिलीज हुई है। इससे पहले वो 'क्रू' में नजर आए थे। दिलजीत दोसांझ कोलंबियाई गायक कैमिलो के साथ 'पलपिता' नाम से एक गाना गा चुके हैं। यह गाना पंजाबी और स्पेनिश संस्कृति का एक मिश्रण है, जिसमें कैमिलो स्पेनिश और दिलजीत पंजाबी भाषा में गाते हैं।
अरमान मलिक
'बोल दो ना जरा', 'चले आना', 'हुआ है आज पहली बार', 'मुझको बरसात बना लो', 'जब तक' और 'पहला पहला प्यार' समेत कई हिट गीत गाने वाले अरमान मलिक ने ब्रिटिश गायक और गीतकार एड शीरान के साथ 2 स्टेप गाना बनाया है। इस गाने को दुनियाभर के श्रोताओं ने सराहा है। इस गाने के जरिए अरमान मलिक को वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिली है।
किंग
'मान मेरी जान' गाने से देशभर में मशहूर हुए किंग भी विदेशी कलाकार के साथ काम कर चुके हैं। किंग, प्रियंका चोपड़ा के पति और गायक निक जोनस के साथ 'मान मेरी जान आफ्टरलाइफ' गाना बना चुके हैं। इस गाने में भारतीय धुनों के साथ-साथ निक जोनस का पॉप स्टाइल भी देखने को मिला था।
सोनू निगम
साल 2009 में रिलीज हुई अक्षय कुमार, संजय दत्त, लारा दत्ता और कैटरीना कैफ की फिल्म 'ब्लू' का गाना चिगी विगी काफी मशहूर हुआ था। इस गाने को सोनू निगम ने ऑस्ट्रेलियाई गायिका काइली मिनॉग के साथ मिलकर गाया था।