नवरात्रि 2026: परदे पर कब-कब बरसी मां की कृपा? माता रानी पर बनी हैं ये फिल्में, एक की कमाई सुन तो चौंक जाएंगे
Movies Based On Mata Rani: शारदीय नवरात्रि शुरू हो चुके हैं। इस मौके पर उन फिल्मों के बारे में जानिए, जो माता रानी की महिमा और कृपा की कहानी पर आधारित हैं। कमाई के मामले में एक फिल्म का चमत्कार सुन तो आप चौंक जाएंगे।
विस्तार
इन दिनों सिनेमाघरों में फिल्म 'हनुमान अंश' की खूब चर्चा है। इसकी रिलीज को यूं तो दो महीने से अधिक हो गए हैं, मगर यह अब तक दर्शकों के बीच छाई हुई है। महज दो करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म दुनियाभर में 400 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं। मगर, चमत्कार का ऐसा ही दृश्य साल 1975 में भी देखने को मिला था। माता रानी पर बनी एक फिल्म आई थी। जानिए उस फिल्म से जुड़े किस्से और साथ ही नवरात्रि पर उन फिल्मों के बारे में भी जानिए, जो माता रानी की महिमा की कहानी दिखाती हैं...
किसान और भगवान
यह फिल्म साल 1974 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दारा सिंह, फिरोज खान और योगिता जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिका निभाई थी। एक किसान पर माता रानी के चमत्कार को फिल्म में दिखाया गया है।
जय संतोषी मां
यह फिल्म उस साल रिलीज हुई थी, जिस साल सिनेमघरों में अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की 'शोले' ने दस्तक दी थी। कमाई के मामले में यह 'शोले' के बाद उस साल की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म साबित हुई थी। फिल्म की रिलीज को 50 साल हो चुके हैं और यह आज भी घरों में देखी जाती है। बता दें किं मां संतोषी भी दुर्गा मां का एक रूप हैं, जिनके ऊपर कई फिल्में बन चुकी हैं। फिल्म 'जय संतोषी मां' में भक्तों पर संतोषी मां की कृपा और चमत्कार को दिखाया गया है।
मां वैभव लक्ष्मी
आदिर ईरानी और मीरा माधुरी अभिनीत यह फिल्म 1989 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में माता रानी की शक्तियों और चमत्कार को दर्शाया गया है। नवरात्रि में इस फिल्म को आप देख सकते हैं। सुभाष जे. शाह निर्देशित यह फिल्म गुजराती में बनी, जिसे हिंदी में डब किया गया।
जय मां वैष्णव देवी
शांतिलाल सोनी निर्देशित यह फिल्म साल 1994 में रिलीज हुई थी। इसमें अलोका मुखर्जी, अरुण गोविल, गजेंद्र चौहान, किरण जुनेजा और राकेश बेदी जैसे सितारे नजर आए। फिल्म में अलोका मुखर्जी ने देवी की भूमिका निभाई। इस फिल्म का निर्माण गुलशन कुमार ने अपनी कंपनी टी-सीरीज के जरिए किया था।
मां दुर्गा दिव्य हाथी
'बाहुबली' फेम राम्या कृष्णन ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है, जिसमें उन्होंने माता रानी का किरदार निभाया है। इस फिल्म में हाथी के किरदार ने दर्शकों का मन मोह लिया था। इस फिल्म को भी नवरात्रि में आप देख सकते हैं।
बता दें कि साल 2003 में इस फिल्म को तमिल में 'अन्नाई कालीगाम्बल' और कन्नड़ में 'श्री कालिकांबा' के नाम से बनाया गया था। बाद में इसे हिंदी में 'मां दुर्गा दिव्य हाथी' और तेलुगु में 'अल्लारी गजेन्द्रुडू' के नाम से डब किया गया था।
मां का चमत्कार
जया प्रदा और सौंदर्या के अभिनय को इस फिल्म को दर्शकों ने खूब सराहा था। साल 2004 में रिलीज हुई इस फिल्म में साउथ के भी कलाकार मौजूद थे। यह फिल्म नवरात्री में लोगों की पसंद रहती है।
‘जय संतोषी मां’
इस नाम की एक फिल्म जहां 1975 में आई और खूब हिट रही, वहीं इसी नाम से एक फिल्म साल 2006 में आई। इसमें नुसरत भरुचा लीड रोल में नजर आईं। यह उनकी डेब्यू फिल्म है। हालांकि, कमाई के मामले में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं रही।