मैनेजर विवाद पर आलिम हकीम को मिला सेलेब्स का सपोर्ट; फराह बोलीं- वेल डन, राजकुमार से बॉबी तक सबने दिया साथ
Celebs Reaction On Aalim Hakim Decision: मशहूर सेलिब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट आलिम हकीम ने बीते दिन एक बड़ा एलान करते हुए कहा था कि वे अब उन एक्टर्स के साथ काम नहीं करेंगे, जिनके मैनेजर्स अभद्र व्यवहार करते हैं। अपने इस फैसले पर उन्हें सेलेब्स से सपोर्ट मिल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आलिम हकीम देश के चर्चित सेलिब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट हैं। कई बड़े सितारों के साथ उन्होंने काम किया है। बीते दिन शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया। इसके जरिए उन्होंने एक बड़े फैसले का एलान किया। आलिम ने बताया कि अब उन्होंने तय किया है कि वे और उनकी टीम अब उन एक्टर्स के साथ काम नहीं करेंगे, जो क्रू मेंबर्स के साथ बुरा बर्ताव करते हैं। इस पोस्ट पर कई बड़ी फिल्मी हस्तियां कमेंट कर रही हैं।
आलिम हकीम ने क्या लिखा था?
आलिम हकीम ने अपनी पोस्ट के जरिए फिल्मों, फोटो शूट और कई इवेंट्स में पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों के लिए सम्मान की मांग की है। इसके साथ आगे कहा कि हेयरस्टाइलिस्ट, मेकअप आर्टिस्ट, असिस्टेंट और क्रू मेंबर्स के प्रति अपमानजनक व्यवहार को अब नजरअंदाज करना मुश्किल हो गया है। अधिकार होने का मतलब यह नहीं है कि कोई क्रिएटिव वर्कर्स को अपमानित करे या नीचा दिखा सकता है। हालांकि, अपने पोस्ट में उन्होंने किसी भी स्टार का नाम नहीं लिखा था।
अर्जुन कपूर बोले- 'आपके साथ हूं भाई'
आलिम हकीम के इस फैसले पर कई बड़े सितारे और फिल्म जगत से जुड़े लोग उनके साथ हैं। उनके इस फैसले की सराहना कर रहे हैं, साथ ही इस बात की सहमति दे रहे हैं कि क्रिएटिव लोगों का सम्मान किया जाना बेहद जरूरी है। चर्चित डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान ने लिखा है, 'वेल डन आलिम'। वहीं, बॉबी देओल ने उनके पोस्ट पर रेड हार्ट इमोजी बनाए हैं। अर्जुन कपूर ने लिखा है, 'इस मामले में आपके साथ हूं आलिम भाई'।
मुकेश छाबड़ा ने कहा- 'मेरे असिस्टेंट ने भी ऐसा शुरू कर दिया'
कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा ने लिखा है, 'मेरे असिस्टेंट ने भी ऐसा करना शुरू कर दिया।' राजकुमार राव ने लिखा है, 'बिल्कुल सर। सम्मान और समानता, ये दो सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं'। राजकुमार के कमेंट पर एक दर्शन सांखला नाम के यूजर ने रिप्लाई करते हुए लिखा है, 'ब्रो, तुम्हारी टीम की एक लड़की ने मेरे साथ भी कुछ साल पहले ऐसा किया था। बिल्कुल ऐसा ही अनुभव था एक अवॉर्ड फंक्शन में'।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट
आलिम की यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इस पर अर्जुन रामपाल, पुलकित सम्राट, जोय अख्तर, चित्रांगदा सिंह, रिद्धि डोगरा, गजराज राव, टिस्का चोपड़ा, अपारशक्ति खुराना और काजोल सहित कई अन्य सेलेब्स ने भी रिएक्शन दिया है।