सलमान खान: गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर किए गए सुरक्षा के कड़े इंतजाम; टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद लिया एक्शन
Security Beefed Up Outside Salman Khan House: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हो रहे हैं।
विस्तार
रविवार को टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला किया गया। गोलीबारी की इस घटना के बाद अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 'सलमान खान के मुंबई स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई है'। जांच के दौरान ऐसी बात सामने आई है कि टाइगर को निशाना बनाने से पहले सलमान खान पर फायरिंग करने की प्लानिंग थी।
सलमान खान को बनाया जा रहा था निशाना?
टाइगर श्रॉफ पर रविवार को हुई फायरिंग मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार सदस्यों को दिल्ली में गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वे अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे, लेकिन भारी सुरक्षा के कारण वे अपनी इस योजना को अंजाम नहीं दे सके।
गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सलमान खान पर हमले की योजना के चौंकाने वाले खुलासे के बाद अभिनेता के घर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सामने आए वीडियो में उनके घर के सामने सुरक्षा का पहरा है। पुलिसकर्मियों को गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर देखा जा सकता है।
VIDEO | Mumbai: Security beefed up outside Galaxy Apartment, actor Salman Khan's house, after attack on Tiger Shroff. #TigerShroffAttack #SalmanKhan #MumbaiNews (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/FukCn4pd5w
— Press Trust of India (@PTI_News) October 21, 2026
क्या अन्य अभिनेताओं पर भी हमले की योजना थी?
अभिनेता सलमान खान ही नहीं, बल्कि टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी करने से पहले आरोपियों ने कथित तौर पर अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों के बाहर भी रेकी की थी। उन्होंने वहां के वीडियो बनाकर विदेश में बैठे अपने हैंडलर को भेजे थे। इन खुलासों के बाद, मुंबई पुलिस ने अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है।