क्या पति ने किया था सना खान का ब्रेनवॉश ? जानिए क्यों मेंहदी के वक्त पति का नाम नहीं बता पाई थीं एक्ट्रेस
Sana Khan: सना खान ने शोबिज की दुनिया छोड़ने के लगभग छह साल बाद खुलासा किया कि आखिर क्यों उन्होंने ये फैसला लिया था? साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि क्या पति मुफ्ती अनस सैयद ने उनका ब्रेनवॉश किया था?
विस्तार
'बिग बॉस 6' से सुर्खियों में आईं अभिनेत्री सना खान ने साल 2020 में उस वक्त सबको हैरान कर दिया था, जब उन्होंने शोबिज की दुनिया छोड़ने की बात घोषणा की थी। इसके एक महीने बाद ही उन्होंने मुस्लिम धर्मगुरु और व्यवसायी मुफ्ती अनस सैयद से शादी कर ली थी। इसके बाद सना के इंडस्ट्री छोड़ने को लेकर कई तरह के सवाल भी उठे, तो कई लोगों ने इसके पीछे उनके पति मुफ्ती अनस सैयद को ही वजह बताया। अब सना ने इस बारे में बात की है और बताया है कि क्या उनके पति ने उनका ब्रेनवॉश किया था? क्या इसी वजह से सना ने इंडस्ट्री छोड़ी? सना ने इन सभी सवालों के जवाब दिए हैं।
मेहंदी पर भी नहीं लिखाया पति का नाम
अभिनेत्री रश्मि देसाई के साथ उनके पॉडकास्ट में सना खान ने अपने इंडस्ट्री छोड़ने के फैसले को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि जब हमारी शादी तय हुई थी, तो यह पूरी तरह से सीक्रेट थी। मेरे माता-पिता के अलावा किसी को भी दूल्हे का नाम नहीं पता था। यहां तक कि जब मेहंदी लगाने वाली ने उनका नाम पूछा, तब भी मैंने नहीं बताया। मैं उस वक्त अपने जीवन में एक बड़े बदलाव से गुजर रही थी। मैं एक बिल्कुल नई इंसान बन रही थी। यही मैं चाहती थी और उन्होंने ही मुझे रास्ता दिखाया।
कोई नहीं कर सकता किसी का ब्रेनवॉश
सना ने आगे बताया कि जब लोगों ने मुझे हिजाब पहने और बॉलीवुड छोड़ते देखा, तो उन्होंने मान लिया कि अनस ने मेरा ब्रेनवॉश किया है। इसीलिए मैंने ऐसा किया। लोग सोचते हैं कि वो पहले बिना हिजाब के घूमती थी और अचानक इतनी बदल गई। तो शायद इस आदमी ने उसका ब्रेनवॉश किया। लेकिन असलियत ये है कि ऐसा कभी नहीं होता। कोई भी आपका ब्रेनवॉश नहीं कर सकता। मुझे शांति चाहिए थी। किसी को शोहरत, पैसा और रुतबा मिल सकता है, लेकिन आखिर में हर कोई मन की शांति चाहता है।
इसलिए छोड़ी इंडस्ट्री
बातचीत के दौरान सना ने बताा कि उन्होंने इंडस्ट्री इसलिए छोड़ी क्योंकि जब आपका परिवेश अनुकूल नहीं होता, तो आपके फैसले अक्सर गलत होते हैं। पति के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए पूर्व अभिनेत्री ने कहा कि अब मैं अपने पति के साथ अपने रिश्ते को बहुत महत्व देती हूं। यही नहीं आमतौर पर जो चलन है, उससे उलट अनस और उनके परिवार ने ही शादी के अधिकांश खर्चों को उठाया था।
2020 में शोबिज की दुनिया को कहा था अलविदा
सना खान ने साल 2020 में इंडस्ट्री छोड़ने का एलान किया था। अक्तूबर 2020 में सना ने अपने इंस्टाग्राम पर बॉलीवुड छोड़ने की घोषणा करते हुए लिखा था, ‘मैं आज से यह घोषणा करती हूं कि मैं अपने शोबिज जीवन को हमेशा के लिए अलविदा कह दूंगी और मानवता की सेवा करूंगी तथा अपने खुदा के आदेशों का पालन करूंगी।’ इसके बाद नवंबर 2020 में उन्होंने सूरत में एक साधारण समारोह में अनस से शादी की थी। अब कपल के दो बच्चे भी हैं।