Raid 2 Teaser: ‘रेड’ से कितनी अलग है ‘रेड 2’, क्या बदल गईं अमय पटनायक की पत्नी? ताऊजी-दादाभाई में क्या कनेक्शन
Raid 2 Teaser Explainer: अजय देवगन एक बार फिर अमय पटनायक के किरदार में वापसी कर रहे हैं। इस बार उनका मुकाबला है रितेश देशमुख के दादा भाई के किरदार से। टीजर के सामने आते ही कई सवाल भी जेहन में आते हैं। जानते हैं ‘रेड 2’ के टीजर में क्या कुछ है खास और यह रेड से कितनी अलग है।
विस्तार
अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रेड 2’ का टीजर आज जारी हो गया है। एक बार फिर अजय देवगन फॉर्मल कपड़ों में इनकम टैक्स ऑफिसर अमय पटनायक के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस बार उनके निशाने पर है बाहुबली नेता दादा भाई, जिसे निभाया है रितेश देशमुख ने। टीजर से साफ है कि ‘रेड 2’ में अजय देवगन दादा भाई के घर पर रेड डालेंगे। संभव है कि एक बार फिर पावर बनाम इमानदार अफसर के बीच जंग देखने को मिलेगी।
एक मिनट से ऊपर के इस टीजर में फिल्म को लेकर काफी कुछ साफ होता है, लेकिन कई पहलू अनसुलझे भी रह जाते हैं, जाहिर है कि उनका पता फिल्म के रिलीज होने के बाद ही चलेगा। टीजर को देखने के बाद अब आइए जरा इस बात का विश्लेषण करते हैं कि अजय देवगन की ‘रेड 2’, 2018 में आई ‘रेड’ से कितनी अलग है और कितनी मिलती-जुलती है। साथ ही इस बार फिल्म में हमें क्या कुछ नया देखने को मिल सकता है।
सच्ची घटना पर है कहानी या काल्पनिक
सबसे बड़ी जिज्ञासा ये ही जानने की है कि ‘रेड 2’ की कहानी सच्ची घटनाओं पर आधारित है या फिर काल्पनिक है। क्योंकि ‘रेड’ की कहानी छापेमारी की एक सच्ची घटना पर आधारित थी। हालांकि, टीजर को देखकर ये बात तो साफ पता चलती है कि इस बार भी फिल्म की कहानी पहले के वक्त पर ही आधारित है यानी 2024-25 की नहीं है। क्योंकि टीजर में अमय पटनायक एक जगह पीसीओ पर बात करता दिख रहा है, जहां पीछे दीवार पर कॉल रेट लिखा है, जिस पर लिखा है लोकल कॉल 1 रुपए प्रति मिनट।
अब आज के वक्त में तो पीसीओ मिलना ही मुश्किल हैं और जहां नेटवर्क कंपनियां इतने महंगे कॉल रेट चला रही हैं वहां एक रुपए प्रति मिनट का रेट भी कहानी को पीछे ही दिखाता है। इसके अलावा जिस तरह के फोन सेट का इस्तेमाल हुआ है, वो भी कुछ ऐसा ही इशारा करते हैं।
अमय पटनायक का डर बढ़ा, अंदाज वही
अमय पटनायक ‘रेड’ से लेकर ‘रेड 2’ तक अब तक 73 रेड मार चुका है और 74 ट्रांसफर ले चुका है। इस दौरान ये इनकम टैक्स ऑफिसर अब तक 4200 करोड़ रुपए सीज कर चुका है। टीजर में इन आंकड़ों को दिखाने से साफ है कि अमय पटनायक का किरदार अब बड़ा हो चुका है, लेकिन उसका अंदाज अब तक नहीं बदला है। वो उसी तरह का साधारण और इमानदार अफसर है। जो सिर्फ अपने काम से काम रखता है। हालांकि, ये देखना होगा कि क्या इतने ट्रांसफर के बाद अमर पटनायक का पद बढ़ा है या वो अभी तक वो ही है।
यह खबर भी पढ़ें: Raid 2 Teaser: 'मैं पांडव नहीं, पूरी महाभारत हूं', 1 मई को रितेश देशमुख के घर रेड डालेंगे अजय देवगन
इस बार भी नजर आएंगे ताऊजी
फिल्म के टीजर में दिखता है कि ‘रेड’ फिल्म का विलेन यानी सौरभ शुक्ला का किरदार रामेश्वर सिंह उर्फ ताऊजी अब जेल में पहुंच चुका है। हालांकि, उसके अंदर अमय पटनायक का भय अभी भी है और इसीलिए वो अभी तक उससे बदला लेने की भी फिराक में लगता है। हालांकि, देखना ये होगा कि क्या सौरभ शुक्ला का किरदार आगे फिल्म की कहानी से जुड़ता है, या फिर वो सिर्फ कुछ सीन में ही नजर आएंगे।
दादा भाई और ताऊजी का है कोई कनेक्शन !
‘रेड 2’ में रितेश देशमुख के किरदार दादा भाई की नई एंट्री हुई है। टीजर देखकर ये तो साफ हो जाता है कि दादा भाई एक राजनेता है और उसका रुतबा ‘रेड’ के रामेश्वर सिंह उर्फ ताऊजी से कम नहीं है। वो एक ओर लोगों की मदद भी करता है, जबकि दूसरी ओर उसके पास काली कमाई भी है, क्योंकि इसीलिए अमय पटनायक उसके यहां रेड डालने पहुंचता है।
टीजर में दिखता है कि जेल में बंद रामेश्वर सिंह को जब अमय पटनायक के दादा भाई के यहां अपनी 75वीं रेड डालने जाने की खबर मिलती है, तो वो घबरा सा जाता है। अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या रितेश देशमुख के दादा भाई के किरदार का रामेश्वर सिंह से कोई ताल्लुख है, या फिर दादा भाई का किरदार फिल्म की कहानी की एक नई एंट्री ही है। जो अमय पटनायक के सामने एक नई चुनौती बनकर आया है।
View this post on Instagram
यह खबर भी पढ़ें: Raid2 Teaser: 'रेड 2' के मोशन पोस्टर के साथ सामने आई टीजर की रिलीज डेट, आयकर विभाग की छापेमारी पर आधारित फिल्म
क्या बदल गईं अमय पटनायक की पत्नी ?
'रेड' से ‘रेड 2’ में जो सबसे बड़ा परिवर्तन हुआ है वो है फिल्म की लीड एक्ट्रेस का। ‘रेड’ में अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज ने अमय पटनायक की पत्नी मालिनी पटनायक का किरदार निभाया था। लेकिन ‘रेड 2’ में इलियाना डिक्रूज की जगह वाणी कपूर प्रमुख अभिनेत्री के किरदार में नजर आ रही हैं।
हालांकि, फिल्म के टीजर में उनकी सिर्फ एक हल्की सी झलक देखने को मिली है, वो भी किसी गाने का सीन मालूम पड़ता है। ऐसे में अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या वाणी कपूर अमय पटनायक की पत्नी के ही रूप में दिखी हैं? यानी पत्नी बदल गई हैं। या फिर वाणी कपूर का किरदार एक अलग और नया किरदार है, जिसकी भूमिका का पता फिल्म रिलीज होने के बाद ही चलेगा।
हालांकि, रेड में अंत में अमय पटनायक की पत्नी प्रेग्नेंट दिखाई जाती हैं। ऐसे में अब वाणी कपूर का किरदार क्या है इसको लेकर सबसे ज्यादा जिज्ञासा है। साथ ही देखना ये भी होगा कि वाणी के किरदार को कहानी में कितनी जगह मिली है। क्योंकि ‘रेड’ में इलियाना का किरदार अमय के लिए खाना ले जाने से ज्यादा कुछ नहीं था।