R Madhavan: सावन से पहले परदे पर बरसा माधवन का मेघ, मोहित चौहान के सुरों पर आपका दिल भी झूम उठेगा
Aap Jaisa Koi First Song: आर माधवन और फातिमा सना शेख की आगामी फिल्म ‘आप जैसा कोई’ का पहला गाना ‘जब तू सजन’ रिलीज हुआ है। अभिनेता आर माधवन ने गाने की तारीफ की है।
विस्तार
“यह गाना मेरे दिल के बेहद करीब है। यह सिर्फ़ सुनने का नहीं, महसूस करने का गाना है। मोहित की आवाज में एक सच्चाई है, एक जादू है, जो खत्म होने के बाद भी मन में गूंजता रहती है। रोचक, मोहित, धर्माटिक और नेटफ्लिक्स को इस अमर गीत के लिए मेरा आभार।” ये शब्द हैं उन अभिनेता आर माधवन के, जिन्हें हिंदी सिनेमा में बीते 25 साल से एक अलग तरह की मोहब्बत का मुजाहिरा करने के लिए पहचाना जाता है। उनका प्यार राहुल वाला भड़कीला प्यार नहीं है, उनका प्यार है मैडी वाला, जो माधव शास्त्री के दिल से लेकर आज भी मोहब्बत करने वालों के दिलों में वैसा ही है।
ये तो आपको पता ही होगा कि नेटफ्लिक्स की एक नई पिक्चर आ रही है, ‘आप जैसा कोई’। इसका पहला गाना ‘जब तू सजन’ बुधवार को दिन में रिलीज हुआ और शाम होते होते ये गाना माधवन, मैडी और मोहित चौहान की एम सीरीज सा बजता हुआ लोगों की पसंद का पहला गाना बन चुका है। सिर्फ नौ घंटे में इसे तीन लाख के करीब व्यूज मिल चुके हैं। और इसकी इकलौती वजह ये है कि ये गाना बारिश के मौसम में दिल को छू जाने वाला एक सुकून भरा नगमा साबित हो रहा है।
आर माधवन और फातिमा सना शेख की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म ‘आप जैसा कोई’ के इस गुरप्रीत सोनी के लिखे इस पहले गाने ‘जब तू सजन’ को मोहित चौहान ने गाया। यह गाना उन नर्म, खामोश पलों की बात करता है जब प्यार शोर नहीं करता, बस धीरे-धीरे जिंदगी में उतर जाता है। माधवन की तरह ही फिल्म की हीरोइन फातिमा सना शेख भी इस गाने पर फिदा है। वह कहती हैं, “जब मैंने पहली बार ‘जब तू सजन’ सुना, तो तुरंत एक जुड़ाव महसूस हुआ। यह वही एहसास है जो फिल्म के रिश्ते में धीरे-धीरे पनपता है।”
यह खबर भी पढ़ेंः Aap Jaisa Koi: आर माधवन और फातिमा सना शेख की 'आप जैसा कोई' की रिलीज डेट से उठा पर्दा, कब और कहां देखें? जानिए
मोहित चौहान आम तौर पर अपने गानों के बारे में ज्यादा कुछ कहते नहीं हैं, लेकिन इस गाने ने उनके मन के तार भी झंकृत कर दिए हैं। मोहित कहते हैं, “यह गाना प्रेम का शोर मचाकर इजहार करने वाला गाना नहीं है। यह उस प्यार के बारे में है जो पहले से आपके भीतर मौजूद होता है। जब मैंने इसकी धुन और बोल सुने, तो महसूस हुआ कि इसमें एक गहराई है, एक ठहराव है। माधवन के लिए गाना हमेशा खास होता है, और मुझे उम्मीद है कि यह गीत दर्शकों के दिलों में जगह बनाएगा।”
‘जब तू सजन’ के संगीतकार रोचक कोहली के मुताबिक इस बार उनकी टीम कुछ ऐसा बनाना चाहती थी जिसके बोल कानों में पड़ते ही मिश्री सी घुले और इसकी मेलोडी लोगों को बारिश की पहली बूंद सी लगे। उनकी हां में हां मिलाते दिखे इस गाने के गीतकार गुरप्रीत सैनी जो इसे अपना एक निजी अनुभव बताते हैं। वह कहते हैं, “मैंने कोशिश की कि उस प्यार को पकड़ा जा सके जो दिखावा नहीं करता, बस धीरे-धीरे दिल में उतरता है। यह उन अनकहे पलों का जश्न है जो सच्चे रिश्तों को परिभाषित करते हैं।”