Exclusive: 'हम हनीमून पर भी नहीं जा पाए'; पुलकित सम्राट ने कृति खरबंदा से शादी के बाद का हाल बताया
Pulkit Samrat Exclusive interview: अभिनेता पुलकित सम्राट इन दिनों वेब सीरीज 'ग्लोरी' को लेकर चर्चा में हैं, जो बीते दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई। हाल ही में एक्टर ने अमर उजाला के साथ खास बातचीत में अपनी निजी जिंदगी को लेकर दिलचस्प बातें साझा कीं।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने शादी के बाद के दौर, काम के दबाव और पत्नी कृति खरबंदा के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की।
'हम हनीमून पर भी नहीं जा पाए'
अमर उजाला से बातचीत के दौरान, पुलकित ने बताया कि शादी के तुरंत बाद दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए थे। उन्होंने कहा, 'शादी के बाद ऐसा हुआ कि पहले कृति अपने प्रोजेक्ट ‘राना नायडू’ में व्यस्त हो गईं, जो करण अंशुमन का प्रोजेक्ट था। और उसके बाद मैं ‘ग्लोरी’ की तैयारी में लग गया। ये भी करण का ही है। ‘ग्लोरी’ के दौरान तो मुझे घर जाने का समय ही नहीं मिला। मैं सेट की कोई चीज घर तक लेकर नहीं जा पाया। सबसे बड़ा त्याग समय का था। शादी के बाद हम हनीमून पर भी नहीं जा पाए, क्योंकि मैं लगातार इसकी ट्रेनिंग में लगा हुआ था। शादी के तुरंत बाद हम दोनों अपने-अपने काम में लगे रहे। लेकिन यह भी हमारे सफर का एक अहम हिस्सा था।'
घर पर कैसे होते हैं डिस्कशन?
दोनों के एक्टर्स होने के नाते घर में काम को लेकर बातचीत और एक-दूसरे को स्पेस देने पर पुलकित ने कहा कि वे एक-दूसरे के काम में दखल नहीं देते। उन्होंने कहा, 'सलाह तब दी जाती है, जब मांगी जाती है। हम इंटरफेयर नहीं करते। अच्छा लगता है कि घर पहुंचने पर कोई ऐसा हो, जो आपके काम को समझे। जिसके साथ आप अपने काम की बातें कर सकें और अपनी फ्रस्ट्रेशन भी शेयर कर सकें। हर काम की अलग तरह की परेशानियां होती हैं ..छोटी-छोटी जीतें भी होती हैं। मेरे घर में शायद कोई नहीं समझ पाएगा कि शूटिंग के दौरान छोटी-छोटी बातें भी कितनी अहम होती हैं, लेकिन कृति इसे समझती है। इसलिए मैं उसके साथ ये सब शेयर कर पाता हूं। हम अपनी छोटी-छोटी जीतों को साथ में सेलिब्रेट करते हैं और परेशानियों को मिलकर सुलझाते हैं।'
घर में सलाहकार कौन? पुलकित ने लिया कृति का नाम
घर में कौन देता है बेहतर सलाह? इस सवाल पर पुलकित ने हंसते हुए जवाब दिया, 'कृति ..सिर्फ मेरे लिए नहीं, वो तो आधे से ज्यादा दुनिया को सलाह देती है। अगर कोई मुझसे सलाह मांगता है, तो मैं कहता हूं कि आप कृति से पूछिए।' बता दें, पुलकित और कृति लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद मार्च 2024 में शादी के बंधन में बंधे थे।