पवन सिंह: बिहार के भोजपुर में बाढ़ पीड़ितों की तरफ पावर स्टार ने बढ़ाया मदद का हाथ, मुख्यमंत्री से की अपील
Bhojpur Flood: बिहार में उत्तर और दक्षिण, दोनों हिस्सों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भोजपुर जिले में कई घर बाढ़ के पानी की चपेट में हैं। इस बीच पवन सिंह ने मदद का हाथ बढ़ाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार पर बाढ़ का संकट गहराया हुआ है। भोजपुर के पिपरपाती, आरा समेत कई इलाकों में बाढ़ और कटाव का कहर है। बाढ़ प्रभावित इलाकों की तस्वीरें देख भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह का दिल दहल गया है। उन्होंने पीड़ितों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है। साथ ही बिहार के मुख्यमत्री से भी रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने का आग्रह किया है।
पवन सिंह ने क्या कहा?
पवन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ एक लंबा नोट लिखा है। पावर स्टार ने लिखा है, 'पिपरपाती, आरा समेत भोजपुर के अलग-अलग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से आ रही तस्वीरें और लोगों की तकलीफ देखकर मन बेहद दुखी है।
कहीं घरों में पानी घुस गया है, कहीं परिवार अपने ही घर में कैद होकर रह गए हैं, तो कहीं बाढ़ और कटान के कारण लोगों के सिर से छत और पैरों के नीचे की जमीन तक छिनने का डर बना हुआ है। जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपना घर और संसार बसाया, आज वही सब कुछ आंखों के सामने संकट में है'।
बोले- 'यह मदद के लिए खड़े होने का समय'
पवन सिंह ने आगे लिखा है, 'यह समय सिर्फ चिंता जताने का नहीं, मदद के लिए खड़े होने का है। मैं अपने पिपरपाती और आरा सहित सभी बाढ़ पीड़ित भाई-बहनों के साथ हूं। बहुत जल्द आपके बीच आकर आपकी तकलीफ को करीब से देखने और हर संभव सेवा-सहयोग करने का प्रयास करूंगा'।
मुख्यमंत्री से क्या अपील की?
पवन सिंह ने आगे लिखा है, 'हमारे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से विनम्र निवेदन है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर तेज किया जाए। जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, पीने का पानी, दवाइयां और जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जाए। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नाव और अन्य संसाधनों की व्यवस्था हो। साथ ही जहां कटान का खतरा है, वहां तत्काल बचाव के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी परिवार का घर और जमीन तबाही की भेंट न चढ़े'।
पीड़ितों के लिए की दुआ
भोजपुरी अभिनेता ने लिखा है, 'मुश्किल की इस घड़ी में कोई परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। आपका दर्द हमारा दर्द है, आपकी चिंता हमारी चिंता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि बाढ़ और कटान से प्रभावित हर परिवार सुरक्षित रहे, किसी के घर का चिराग न बुझे और जल्द ही सभी के जीवन में फिर से सुकून लौटे। सेवा भी करेंगे, सहयोग भी करेंगे और आवाज भी उठाएंगे। आपका अपना बेटा भाई पवन'।