OG: 14 साल बाद पवन कल्याण की किसी फिल्म को मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट, ‘दे कॉल हिम ओजी’ पर चली सेंसर की कैंची
The Call Him OG: पवन कल्याण की ‘ओजी’ ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में हैं। अब फिल्म सीबीएफसी से मिले अपने ‘ए’ सर्टिफिकेट को लेकर भी चर्चाओं में हैं।
विस्तार
पावर स्टार पवन कल्याण इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस बेसब्री से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, पवन कल्याण की इस फिल्म को सेंसर बोर्ड की ओर से ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है। ये पिछले 14 साल में पहली बार है, जब पवन कल्याण की फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला हो। इसको लेकर ओजी एक बार फिर चर्चाओं में बनी है।
आखिरी बार 2011 में किसी फिल्म को मिला था ‘ए’
पवन कल्याण की ‘दे कॉल हिम ओजी’ के चर्चाओं में आने की एक वजह सीबीएफसी द्वारा फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिलना भी है। क्योंकि आखिरी बार पवन कल्याण की जिस फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला था, वो साल 2011 में आई विष्णुवर्धन द्वारा निर्देशित ‘पंजा’ थी। ऐसे में अब लगभग 14 साल बाद पवन कल्याण की किसी फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है। सुजीत द्वारा निर्देशित ‘दे कॉल हिम ओजी’ को लगभग दो मिनट के दृश्यों को हटाने और कुछ अन्य में संशोधन करने के बाद केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है।
सेंसर बोर्ड ने काटे ‘ओजी’ के कई सीन
सीबीएफसी ने ‘ओजी’ के कम से कम सात दृश्यों में कटौती या संशोधन करने का अनुरोध किया है। फिल्म से हाथ काटने, सिर काटने, हथौड़े से मारने के एक सेकंड, गर्दन सिलने के तीन सेकंड और एक लॉज में एक मिनट की हिंसा के नौ सेकंड के क्लोज-अप सीन काट दिए गए हैं। इसके चलते 1 मिनट 55 सेकंड का फुटेज हटा दिया गया है। खून से लथपथ एक बच्चे और अपनी पैंट की जिप खोलते एक पुलिस अधिकारी के सीन को एडिट किया गया है।
इन सीन को हटाने और एडिट करने के बाद अब ‘ओजी’ का रन टाइम 2 घंटे 34 मिनट हो गया है। फिल्म की टीम को फिल्म की शुरुआत में नशीली दवाओं के प्रति जागरूकता के बारे में एक वॉइसओवर के साथ अस्वीकरण और धूम्रपान के बारे में एक वैधानिक संदेश भी शामिल करने के लिए कहा गया है।
यह खबर भी पढ़ेंः They Call Him OG Trailer: दमदार एक्शन के साथ लौटे पवन कल्याण, टक्कर दे रहे इमरान हाशमी; ‘ओजी’ का ट्रेलर रिलीज
25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
पवन कल्याण और इमरान हाशमी स्टारर ‘दे कॉल हिम ओजी’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म को तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम के साथ हिंदी में भी रिलीज किया जाएगा। फिल्म रिलीज से एक दिन पहले आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ओजी का प्रीमियर होगा। तेलंगाना में भी एक दिन पहले रात 9 बजे प्रीमियर होगा और सभी सिनेमाघरों के लिए टिकटों की कीमत 800 रुपए होगी। सुजीत द्वारा निर्देशित ‘ओजी’ में पवन कल्याण, इमरान हाशमी, प्रियंका मोहन, अर्जुन दास और प्रकाश राज प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।