Waves 2025: हॉलीवुड नहीं जाएंगी करीना कपूर, बोलीं- ‘भटिंडा की सिखनी हूं’
Kareena Kapoor In Waves 2025: दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा और आलिया भट्ट सरीखी कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां हॉलीवुड में काम कर चुकी हैं। अब हॉलीवुड को लेकर करीना कपूर ने बताया कि उनकी क्या योजना है।
विस्तार
बॉलीवुड में कई स्टार्स हैं जिन्होंने हॉलीवुड में भी काम किया है। तो वहीं कई ऐसे भी हैं जो हॉलीवुड में काम करने की इच्छा जता चुके हैं। हालांकि, बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री करीना कपूर का ऐसा कहना है कि वो बॉलीवुड में काम करके खुश हैं और उन्हें हिंदी गानों पर डांस करने में बहुत मजा आता है। करीना कपूर ने ये बातें मुंबई में चल रहे वेव्स समिट 2025 में हिस्सी लेने के दौरान कहीं।
हॉलीवुड जाने पर करीना बोलीं- ‘मैं यहीं हूं’
चार दिवसीय वेव्स समिट के दूसरे दिन अभिनेत्री करीना कपूर भी इस इवेंट का हिस्सा बनीं और उन्होंने कई मुद्दों पर बात करते हुए अपनी राय रखी। अभिनेत्री के साथ करण जौहर ने चर्चा की, जहां उन्होंने हिंदी सिनेमा को लेकर खुलकर अपने विचार रखे। इस दौरान करण जौहर ने करीना कपूर को ‘कॉफी विद करण’ में उनके द्वारा बॉलीवुड कलाकारों के हॉलीवुड में काम करने पर दिए गए बयान को दोहराया और उससे जुड़ा सवाल किया।
करीना ने शो में कहा था कि ‘सब बस पकड़-पकड़ के हॉलीवुड जा रहे हैं।’ उनके इस बयान को याद दिलाते हुए करण ने वेव्स में करीना से हॉलीवुड की योजनाओं के बारे में पूछा। इसका जवाब देते हुए करीना ने कहा, “मैं तो यहीं पे हूं। मैं अपनी भारतीय फिल्मों और अभिनय से बहुत खुश हूं। बड़ा मजा आता है हमारे हिंदी फिल्मी गानों पर डांस करने में। बड़ा मजा आता है हिंदी डायलॉग बोलने में। भटिंडा की सिखनी हूं भाई।”
यह खबर भी पढ़ें: WAVES 2025: ‘वेव्स 2025’ में श्रद्धा कपूर ने एडम मोसेरी का मुंह कराया मीठा, खिलाई घर पर बनी पूरन पोली
हर लड़की को बोलना चाहिए ‘मैं अपनी फेवरेट हूं’
आगे करण जौहर ने करीना के ‘जब वी मेट’ के मशहूर डायलॉग ‘मैं अपनी फेवरेट हूं’ को लेकर बात की। जिस पर करीना ने कहा, “यह लाइन हर महिला को खुद से प्यार करने की याद दिलाती है। ये लाइन बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि हर लड़की, हर महिला को हमेशा यह लाइन बोलनी चाहिए कि मैं अपनी फेवरेट हूं बॉस। मुझे लगता है कि यह सबसे अच्छी बात है।"
यह खबर भी पढ़ें: Waves 2025: भारत में स्क्रीन्स की कमी पर आमिर ने जताई चिंता, बोले- “हमें और अधिक थिएटर्स खोलने की जरूरत”
‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं करीना
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर आखिरी बार पिछले साल दीपावली पर आई रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं। करीना अब अपनी आगामी फिल्म ‘दायरा’ को लेकर चर्चाओं में बनी हुई हैं।