'गवर्नर' से सामने आई मनोज बाजपेयी की झलक, अलग अंदाज में दिखीं अदा शर्मा; जानें कब रिलीज होगी फिल्म?
Governor The Saviour Poster Out: मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' के मेकर्स ने पोस्टर्स रिलीज किए हैं। जिनमें फिल्म की कहानी के जुड़ी कई जानकारियां हैं। इसके साथ ही फिल्म से अदा शर्मा का लुक भी सामने आया है।
विस्तार
चार पोस्टर में दिखा भारत का आर्थिक संघर्ष
इन पोस्टर्स में मनोज बाजपेयी गर्वनर के गंभीर किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके कंधों पर देश को एक बड़े आर्थिक संकट से बचाने की जिम्मेदारी भी है।
- पहले पोस्टर में वो एंबेसडर कार में चिंतित बैठे नजर आ रहे हैं। इस पर लिखा है, 'देश कगार पर था और उसने इस मुसीबत को आते देखा।'
- दूसरे पोस्टर में मनोज कुछ सोचते हुए नजर आए और इस पर लिखा है, 'देश दिवालिया होने की कगार पर है और इस समस्या को उसने आते देखा।'
- तीसरे पोस्टर में एक्टर बोर्ड पर कुछ लिखते हुए देश को इस समस्या से निकालने का तरीका खोजते नजर आए। इस पर लिखा है, 'ताकत बोलती नहीं, फैसला करती है।'
- चौथे पोस्टर में मनोज किसी सरकारी दफ्तर के अंदर खड़े हुए नजर आए। इस पर लिखा है, 'उनके एक कड़े निर्णय ने सरकार हिला दी, मगर देश को बचा लिया।'
मेकर्स ने इस बार सिर्फ मनोज ही नहीं, बल्कि फिल्म की लीड एक्ट्रेस अदा शर्मा का भी पोस्टर शेयर किया है। इसमें वो एक आम शादीशुदा महिला के किरदार में नजर आ रही हैं। पोस्टर पर लिखा है, 'अगर आरबीआई फेल हुआ तो भारत भी फेल हो जाएगा और मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।'
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इन पोस्टर्स के साथ मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, 'यह एक ऐसा युद्ध था जिसमें कोई सेना नहीं थी। बस एक आदमी था… जिसने एक राष्ट्र को गिरने नहीं दिया।'
यकीनन इन पोस्टर्स को शेयर कर मेकर्स ने फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ा दी है।
A post shared by Sunshine Pictures (@sunshinepicturesofficial)
फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है। फिल्म एक राजनीतिक थ्रिलर या ड्रामा है जो देश के किसी राष्ट्रीय संकट के इर्द-गिर्द बुनी हुई है। इसकी कहानी सुवेंदु भट्टाचार्जी, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है।
जावेद अख्तर ने इसके गीत लिखे हैं, वहीं म्यूजिक अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। चिन्मय मंडलेकर निर्देशित यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।