Manchu Family Dispute: पारिवारिक विवाद पर मोहन बाबू की पत्नी ने लिखा पुलिस को पत्र, मांचू मनोज पर लगाए ये आरोप
Manchu Family Dispute: मोहन बाबू, विष्णु मांचू और मांचू मनोज के बीच विवाद इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया है। अब मोहन बाबू की पत्नी ने चुप्पी तोड़ पुलिस को पत्र लिखा है।
विस्तार
मशहूर अभिनेता मोहन बाबू से जुड़े पारिवारिक विवाद ने हलचल मचा दी है। मांचू परिवार का विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है और हर दिन नए मोड़ लेता जा रहा है। मोहन बाबू, विष्णु मांचू और मांचू मनोज के बीच विवाद इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया है। अब इस मामले में मोहन बाबू की पत्नी निर्मला ने पहली बार जवाब देते हुए विष्णु से जुड़े झगड़े की खबरों पर सफाई दी है। उन्होंने पहाड़ी शरीफ थाने को पत्र लिखकर इस मामले की जानकारी दी है।
मोहन बाबू की पत्नी का बयान
मोहन बाबू की पत्नी मांचू निर्मला ने पुलिस स्टेशन को एक पत्र भेजा, जिसमें उन्होंने कहा, '14 दिसंबर को मेरे जन्मदिन के अवसर पर मेरा बड़ा बेटा विष्णु मांचू हमारे जलपल्ली घर आया, केक लाया और मेरे साथ जश्न मनाया। इस बीच मेरे छोटे बेटे मांचू मनोज ने विष्णु के आने की फुटेज रिकॉर्ड की और उसे गलत तरीके से पोस्ट किया, जिसमें दावा किया गया कि विष्णु ने परेशानी पैदा की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।'
विष्णु मांचू ने नहीं किया कोई झगड़ा
उन्होंने आगे कहा, 'मैं इस बात पर जोर देना चाहती हूं कि मेरे जन्मदिन पर विष्णु हमारे घर केक लेकर आया था, थोड़ी देर रुका, मेरे साथ केक काटकर जश्न मनाया और अपने कमरे से अपना सामान ले गया। मेरे छोटे बेटे मांचू मनोज का इस घर पर उतना ही अधिकार है, जितना मेरे बड़े बेटे विष्णु का है। विष्णु ने घर में आकर किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं किया और न ही कोई बाधा डाली। मनोज द्वारा दर्ज की गई शिकायत में कोई सच्चाई नहीं है।'
बेटी मांचू लक्ष्मी ने साधी चुप्पी
यह बयान कुछ ही देर में वायरल हो गया। इस बीच, मोहन बाबू की बेटी मांचू लक्ष्मी अब तक चुप हैं। देखना यह है कि आने वाले दिनों में यह मामला और कितने मोड़ लेता है। इससे पहले राचकोंडा के पुलिस कमिश्नर सुधीर बाबू ने कहा था कि अगर मोहन बाबू मामले से संबंधित भेजे गए नोटिस का जवाब देने में विफल रहते हैं तो वह उन्हें हिरासत में ले लेंगे। वहीं, अब उनकी पत्नी ने अपना पक्ष साफ किया है।