Zubeen Garg Case: नॉर्थईस्ट फेस्टिवल के आयोजकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, CM सरमा बोले- सियासत बर्दाश्त नहीं
Zubeen Garg Death Case: लोकप्रिय सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में नॉर्थईस्ट फेस्टिवल के आयोजक और सिंगर मैनेजर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने यह कहा है।
विस्तार
दिवंगत सिंगर जुबीन गर्ग का 19 सितंबर को सिंगापुर में आकस्मिक निधन हो गया। जुबीन का निधन कथित तौर पर स्कूबा डाइविंग के दौरान हुआ। सिंगर वहां नॉर्थईस्ट फेस्टिवल में हिस्सा लेने गए थे। लोकप्रिय सिंगर की आकस्मिक मौत के मामले की जांच हो रही है और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा खुद निजी रूप से निगरानी रख रहे हैं। उनका कहना है कि जुबीन गर्ग की मौत के मामले में नॉर्थईस्ट फेस्टिवल के आयोजक और सिंगर मैनेजर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
न्यायिक पैनल गठित होगा
इसके अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सिंगर जुबीन की मौत मामले में पुलिस की जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक पैनल गठित होगा। इसके लिए सरकार ने गौहाटी हाईकोर्ट को पत्र लिखा है। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया है कि गायक जुबीन गर्ग की मौत पर राजनीति नहीं होने देंगे।
जांच के लिए एसआईटी गठित
इससे पहले सीएम सरमा यह कह चुके हैं कि ज़ुबीन गर्ग की आकस्मिक मृत्यु के संबंध में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की गई है। साथ ही सीएम ने सिंगर की विसरा के नमूने विस्तृत जांच के लिए केंद्रीय फोरेंसिक प्रयोगशाला (CFL), दिल्ली भेजे जाने की बात भी कही थी।
Indian Idol: जल्द आ रहा है 'इंडियन आइडल' का नया सीजन; श्रेया, विशाल और बादशाह होंगे जज
6 अक्तूबर को होना होगा पेश
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा कि गायक की मौत के मामले में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए गए हैं। सीएम सरमा ने फेसबुक लाइव में कहा कि दोनों को 6 अक्तूबर को गुवाहाटी आकर अपना बयान देना होगा। अन्यथा पुलिस उनकी तलाश में अभियान तेज कर देगी।
फेस्टिवल के आयोजक के बैंक खाते फ्रीज
सीएम ने कहा, 'चूंकि दुर्गा पूजा उत्सव शुरू हो रहा है, इसलिए हम नहीं चाहते कि वे अभी आएं। लेकिन दशमी के बाद उन्हें आना होगा। उन्हें 6 अक्तूबर को गुवाहाटी आकर अपना बयान देना होगा'। मुख्यमंत्री ने कहा, 'अगर वे सीआईडी के सामने पेश नहीं होना चाहते, जो 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से गर्ग की मौत की घटनाओं की जांच कर रही है, तो वे अदालत का रुख कर सकते हैं'। उन्होंने आगे कहा कि महंत के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड फ्रीज कर दिए गए हैं, ताकि वह लंबे समय तक बाहर न रह सकें।
सीएम ने अमित शाह से कही यह बात
सीएम सरमा ने कहा कि सरकार सिंगापुर से जुबीन गर्ग की पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किए गए दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक कार्यरत न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग गठित करने के लिए शुक्रवार को गौहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा है। उन्होंने आगे कहा, 'मैंने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कहा है कि जिस दिन ऐसा लगेगा कि असम पुलिस जुबीन को न्याय दिलाने में असमर्थ है, हम मामला सीबीआई को सौंप देंगे'।
40 से अधिक भाषा-बोलियों में गाए थे गाने
जुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में भाग लेने के लिए सिंगापुर गए थे। वहां उन्हें 20 सितंबर को परफॉर्म करना था। मगर, एक दिन पहले 19 सितंबर को हादसे में उनका निधन हो गया। जुबीन असमिया संगीत जगत का बड़ा नाम थे। इसके अलावा उन्होंने 40 अन्य भाषा और बोलियों में गाने गाए। बॉलीवुड में भी उन्होंने कई चर्चित गानों को आवाज दी। फिल्म 'गैंगस्टर' के 'या अली' गाने से उन्हें बॉलीवुड में लोकप्रियता मिली।