Makarand Deshpande: बॉलीवुड के किंग खान के साथ 'सर्कस' में काम करने वाला यह एक्टर, कभी नहीं बन पाया लीड हीरो
Makarand Deshpande: मकरंद देशपांडे बॉलीवुड की दुनिया का एक ऐसा नाम है, जिन्होंने अभिनेता शाहरुख खान सहित कई नामी हस्तियों के साथ काम किया, लेकिन वह कभी लीड हीरो नहीं बन पाए। लगभग चार दशकों से सिनेमाई परदे पर छाए अभिनेता मकरंंद देशपांडे आज अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए जानते हैं आज इनके जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें..
विस्तार
मकरंद देशपांडे सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि लेखक, निर्देशक और थिएटर कलाकार के रूप में भी जाने जाते हैं। ‘स्वदेश’, ‘सरफरोश’ और ‘डरना जरूरी है’ जैसी फिल्मों में इन्होंने अपनी सहायक भूमिका से फिल्म में जान डालने का काम किया था। बॉलीवुड के किंग खान के साथ काम करने के बावजूद भी अभिनेता कभी नहीं बन पाए लीड हीरो। जिस लड़की से किया प्यार उससे सगाई के बाद भी नहीं हो सकी शादी। आइए जानते हैं इनके जीवन से जुड़ी सारी बातें।
कॉलेज के दिनों से ही अभिनय
6 मार्च 1966 में मकरंद देशपांडे का जन्म महाराष्ट्र के दहानू में हुआ। अपनी पढ़ाई उन्होंने वहीं मुंबई से किया। बचपन से ही मकरंद के अंदर अभिनय का एक अलग ही जूनून था, फिर कॉलेज के ही दिनों में उन्होंन थिएटर करना शुरू कर दिया था। अभिनेता मकरंद देशपांडे ने कई नाटक लिखने के साथ ही उनका निर्देशन भी किया।
बॉलीवुड किंग खान के साथ किया काम
मकरंद देश पांडे ने बॉलीवुड, मराठी, मलयालम, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में काम किया है। उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत ‘कयामत से कयामत तक’ फिल्म से किया था, जिसमें आमिर खान मुख्य भूमिका में थे। साल 1989 में मकरंद ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान के टीवी शो 'सर्कस' में काम किया था, जिसमें उन्होंने कांति का किरदार निभाया था। मकरंद देशपांडे ने ज्यादातर फिल्मों में सहायक कलाकार के रूप में भूमिका निभाई, जिसमें 'सरफरोश', 'स्वदेश', 'मकड़ी', 'सत्या', 'डरना जरूरी है', 'घातक' जैसी कई बड़ी फिल्में शामिल हैं। इन बड़ी फिल्मों में काम करने के बाद भी अभिनेता को कभी किसी फिल्म में लीड रोल का मौका नहीं मिला।
निर्देशन में भी कमाया नाम
मकरंद देशपांडे ने केवल अभिनय की दुनिया में ही नाम नहीं कमाया, बल्कि उन्होंने एक कुशल निर्देशक के रूप में भी काम किया। अभिनेता ने कुल मिलाकर पांच फिल्मों का निर्देशन किया है, जिसमें 'दानव', 'हनन', 'शाहरुख बोला खूबसूरत है तू', 'सोना स्पा', और 'शनिवार-रविवार' फिल्में शामिल हैं।
ग्लैमरस दुनिया से दूर
अभिनेता मकरंद देशपांडे ग्लैमरस दुनिया से कोसों दूर रहते हैं। यह अपनी कला के साथ-साथ अनोखे हेयरस्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं। एक समय अभिनेता की जिंदगी में सोनाली कुलकर्णी की एंट्री हुई, जिनसे सगाई के बाद शादी होने की खबरों के बीच साल 2006 में अचानक शादी टूट गई। इसके बाद साल 2016 में अभिनेता, निवेदिता पोहनकर के साथ शादी के बंधन में बंध गए। आजकल मकरंद देशपांडे कई भाषाओं में टीवो शो और थिएटर के जरिए अभिनय में कमाल कर रहे हैं।