Singer Songwriter Elton John: एल्टन जॉन ने किया खुलासा, किस वजह से चली गई आंख की रोशनी
हाल ही में मशहूर ब्रिटिश गायक और गीतकार एल्टन जॉन ने बताया कि किस कारण से उनकी एक आंख की रोशनी चली है। साथ ही उन्होंने अपनी आने वाली डॉक्यूमेंट्री एल्टन जॉन: इट्स नेवर टू लेट को लेकर भी खुशी जताई।
विस्तार
कलाकारों को भी अपने जीवन में मुश्किल दौर देखना पड़ता है। ऐसा ही कुछ मशहूर ब्रिटिश गायक और गीतकार एल्टन जॉन के साथ भी हुआ है। उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है। ऐसा कैसे हुआ? हाल ही में एल्टन जॉन ने इस बारे में विस्तार से बताया।
द डेविल वियर्स प्राडा के म्यूजिकल शो में पहुंचे
एल्टन जॉन द डेविल वियर्स प्राडा- द म्यूजिकल देखने के लिए पहुंचे थे। लेकिन वह सिर्फ इस शो को सुन ही पाए क्योंकि देख पाना उनके लिए मुमकिन नहीं था। इस शो के गाने उन्होंने ही लिखे हैं। एल्टन ने अपने इस शो के एक्सपीरियंस के बारे में कहते हैं, ‘मैंने अपनी आंखों की रोशनी खो दी है, इसलिए मैं यह शो देख नहीं पाया लेकिन मैंने इसे सुनने का पूरा मजा लिया है। शो के बाद एल्टन को उनके पार्टनर डेविड फर्निश ने काफी मदद की। एल्टन ने यह बात लंदन के डोमिनियन थिएटर में आयोजित किए गए अपने एड्स फाउंडेशन के चैरिटी फंक्शन में कही। यह चैरिटी फंक्शन रविवार शाम को हुआ।
आंख की रोशनी जाने का कारण बताया
पिछले हफ्ते एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में एल्टन बताते हैं कि आखिर उनकी आंख की रोशनी कैसे चली गई। साथ ही इस वजह से उनका नए एलबम का काम भी रूक गया है। वह कहते हैं, ‘ जब मैं जुलाई महीन में फ्रांस में था तो एक इंफेक्शन की वजह से मेरी दायीं आंख की रोशनी चली गई। चार महीने से मैं देख नहीं पा रहा हूं। ऊपर से मेरे बायीं आंख पहले से ही कमजोर है, इससे बहुत कम दिखता है। उम्मीद है कि जल्द ही सबकुछ ठीक हो जाएगा।’ इसी इंटरव्यू में वह आगे कहते हैं, ‘स्टूडियो में जाकर रिकॉर्डिंग करना काफी मुश्किल हो रहा है। मैं कुछ भी नहीं देख पा रहा हूं, मैं कुछ भी नहीं पढ़ पा रहा हूं।'
जल्द रिलीज होगी डॉक्यूमेंट्री
एल्टन जॉन आंख की रोशनी जाने के बाद भी निराश नहीं है। वह अपनी डॉक्यूमेंट्री के प्रीमियर का इंतजार कर रहे हैं। उनकी डॉक्यूमेंट्री का नाम एल्टन जॉन: इट्स नेवर टू लेट है। वह इसका प्रमोशन भी कर रहे हैं। यह डॉक्यमेंट्री यूएस में 13 दिसंबर को डिज्नी प्लस पर दिखाई जाएगी। वह इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर भी कहते हैं कि वह दुनिया के सबसे लकी इंसान हैं।