Paris Hilton: सेलिब्रिटी पेरिस हिल्टन करोड़ों रुपये की संपत्ति की हैं मालकिन, डोनाल्ड ट्रंप से भी है कनेक्शन
आज हॉलीवुड सेलिब्रिटी पेरिस हिल्टन का जन्मदिन (17 फरवरी 1981) है। वह नब्बे के दशक में हॉलीवुड में बतौर मॉडल, सिंगर और एक्टर काफी पॉपुलर रही हैं। पेरिस हिल्टन के जन्मदिन के मौके पर जानिए, उनके करियर, पर्सनल लाइफ से जुड़े कुछ अनुसने किस्से।
विस्तार
मॉडलिंग से शुरुआत
पेरिस हिल्टन अमेरिका के न्यू यॉर्क में पैदा हुईं और लॉस एंजिल्स में बड़ी हुईं। वह कॉर्नेड हिल्टन की पोती हैं, जो मशहूर अमेरिकी हिल्टन होटल चैन के मालिक हैं। पेरिस ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की। उन्हें डोनाल्ड ट्रंप, जो आज अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, ने कभी अपनी मॉडलिंग एजेंसी के जरिए मौका दिया। कम ही समय में पेरिस मॉडलिंग की दुनिया में मशहूर हो गईं। इसके बाद 90 के दशक में पेरिस हिल्टन ने कई रियालिटी शो किए, जिसमें ‘द सिंपल लाइफ’, ‘पेरिस हिल्टन माय न्यू बॉयफ्रेंड’, ‘द वर्ल्ड अकॉर्डिंग टू पेरिस’ और ‘कुकिंग विद पेरिस’। इन सभी शो में उन्होंने अपनी जिंदगी दर्शकों को दिखाई। पेरिस ने सिंगिंग में भी हाथ आजमाया, अपने सिंगल एल्बम निकाले, बतौर डिस्क जॉकी भी काम किया। कुछ हॉलीवुड फिल्मों में भी वह नजर आईं।
सफल होने के बाद पेरिस हिल्टन ने साल 2004 में बिजनेस वूमेन के तौर पर काम करना शुरू किया। अपने नाम के ब्रांड, परफ्यूम लॉन्च किए। वह हॉलीवुड की सबसे अमीर सेलिब्रिटी में से एक बनी गईं। माना जाता है कि वह लभगग 2600 करोड़ रुपये की मालकिन हैं। वैसे उनकी संपत्ति और भी ज्यादा हो सकती थी, अगर अपने दादा से हिल्टन होटल चैन वाली प्रॉपर्टी भी मिलती। लेकिन दादा ने पेरिस को अपनी 5 अरब की संपत्ति से बेदखल कर दिया है। ऐसे में जो कुछ भी संपत्ति पेरिस के पास है, वह खुद की कमाई हुई है।
एब्यूज की कहानी साझा की
पेरिस हिल्टन ने कुछ साल पहले एक बहादुरी भरा कदम उठाया, जब उन्होंने अपने यौन शोषण की कहानी दुनिया के साथ साझा की। पेरिस हिल्टन ने बताया जब वह टीनएजर थी तो किसी व्यक्ति ने उन्हें नशीला पदार्थ दिया और उनका यौन शोषण किया। इस सदमे से उबरने में पेरिस हिल्टन को कई साल लगे।
पेरिस हिल्टन अपने करियर की वजह से ही चर्चा में नहीं रहीं। वह सेरोगेसी से दो बार मां बनने के कारण भी खबरों में आईं। पेरिस हिल्टन का एक बेटा फिनिक्स और एक बेटी है। दोनों ही बच्चे सेरोगेसी से पैदा हुए। पेरिस अपने बच्चों के साथ खुशी भरे पलों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अकसर शेयर करती हैं।
लॉस एंजिल्स की आग में जल गया घर
पिछले दिनों अमेरिका के लॉस एंजिल्स के जंगलों में भयावह आग लगी थी। इस आग में पेरिस हिल्टन का 80 लाख डॉलर का घर भी जल गया। यह घर पेरिस के लिए इसलिए खास था क्योंकि उनके बेटे फिनिक्स ने यही सबसे पहले अपने कदम रखे थे। अपने घर के जलने का दर्द पेरिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया था।