Hollywood: कैप्टन अमेरिका- ब्रेव न्यू वर्ल्ड में हुई जियानकार्लो एस्पोसिटो की एंट्री, इस भूमिका में आएंगे नजर
मशहूर अभिनेता जियानकार्लो एस्पोसिटो 'कैप्टन अमेरिका: ब्रेव न्यू वर्ल्ड' में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाते नजर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में वह अहम भूमिका में हैं। यह फिल्म अगले साल 4 फरवरी को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
विस्तार
मशहूर अभिनेता जियानकार्लो एस्पोसिटो जल्द ही 'कैप्टन अमेरिका: ब्रेव न्यू वर्ल्ड' में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हाल ही में अभिनेता ने मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में शामिल होने को लेकर लोगों को हिंट दिया था।
अभिनेता ने इस महीने की शुरुआत में ब्राजील में सीसीएक्सपी में खुलासा किया था कि उन्हें मार्वल के एक प्रोजेक्ट के लिए कास्ट किया गया है। हालांकि, वहां उन्होंने प्रशंसकों की उन अटकलों को खारिज कर दिया, जिसमें कयास लगाए जा रहे थे कि वह एक्स-मेन में प्रोफेसर एक्स की भूमिका निभाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह जल्द ही "कैप्टन अमेरिका ब्रेव न्यू वर्ल्ड” में अभिनय का जलवा बिखेरेंगे। फिल्म में वे खलनायक की भूमिका में होंगे। हालांकि, निर्माताओं ने उनकी भूमिका को अब तक गुप्त रखा है। सिनेमाघरों में यह फिल्म अगले साल 4 फरवरी में रिलीज होगी।
एंथनी मैकी फिल्म में कैप्टन अमेरिका बने एक बार फिर से नजर आएंगे। सिनेमाकॉन में डिज्नी की प्रस्तुति के दौरान एक्शन से भरपूर इस फिल्म की पहली झलक सामने आई थी। इस कार्यक्रम में मार्वल के प्रमुख केविन फीगे ने इस फिल्म की तुलना 2014 की “कैप्टन अमेरिका: द विंटर सोल्जर” से की थी। जूलियस ओना द्वारा निर्देशित इस फिल्म में डैनी रामिरेज, शिरा हास, लिव टायलर, टिम ब्लेक नेल्सन और रोजा सालाजार भी हैं। मूल रूप यह फिल्म इस साल 26 जुलाई को रिलीज होनी थी, लेकिन SAG-AFTRA हड़ताल की वजह से फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया था।
जियानकार्लो एस्पोसिटो को 'ब्रेकिंग बैड' और इसकी प्रीक्वल सीरीज 'बेटर कॉल सॉल' के लिए जाना जाता है। स्टार वार्स सीरीज 'द मैंडलोरियन' के लिए वह एमी पुरस्कार भी जीत चुके हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो एस्पोसिटो अगली बार 'मैक्सीन' में नजर आएंगे। इस महीने कान में प्रदर्शित हुई फ्रांसिस फोर्ड कोपोला की "मेगालोपोलिस" में भी वह दिखेंगे।
Manthan: दोबारा रिलीज हुई क्लासिक फिल्म 'मंथन', स्क्रीनिंग पर दिग्गज सितारों ने की शिरकत