हनुमान अंश: निर्माता अनुप्रिया नागर ने साझा किया निर्माण का सफर, बोलीं- मैंने सारी बचत इस फिल्म में लगा दी
Anupriya Nagar On Hanuman Ansh: मात्र 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर ने अपने एक इंटरव्यू में फिल्म से जुड़ी कई बातें साझा कीं।
विस्तार
फिल्म ‘हनुमान अंश’ दर्शकों को सिनेमाघरों में खूब लुभा रही है। 2 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म छठे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई नई और बड़ी फिल्मों से बेहतर कमाई कर रही है। अब फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर एक बातचीत में फिल्म के बारे में काफी कुछ कहा।
‘हनुमान अंश’ पर क्या बोलीं अनुप्रिया?
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर ने एएनआई को दिए इंटरव्यू के दौरान कहा, ‘इस फिल्म का निर्माण तीन महिलाओं ने किया है और मैं तीनों में सबसे छोटी हूं। मैं पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान टीम से जुड़ी। टीम ने मुझे बताया कि फिल्म बन चुकी है, लेकिन उनके पास पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए पैसे नहीं हैं। मैंने अपनी सारी बचत इस फिल्म में लगा दी क्योंकि मेरा इससे गहरा भावनात्मक जुड़ाव था। यह मेरे लिए एक बहुत ही भावुक प्रोजेक्ट है। महाराजा जी (नीब करौरी बाबा) ने लैरी ब्रिलियंट और स्टीव जॉब्स जैसे कई विदेशियों को प्रेरित किया, लेकिन भारत में बहुत कम लोग महाराजा जी के बारे में जानते हैं। मैं चाहती हूं कि लोग उनकी जीवन कहानी जानें और उनके आश्रम जाएं।’
अनुप्रिया बोलीं- मैं निर्माता नहीं
आगे अपनी बातचीत में अनुप्रिया ने कहा, ‘यह भी एक गलत धारणा है कि पूरी फिल्म का निर्माण मैंने किया है, जो सच नहीं है। मैंने पूरे बजट का एक तिहाई हिस्सा ही दिया है। बाकी हां, हमने निवेश की गई राशि वसूल कर ली है और फिल्म अच्छा प्रदर्शन भी कर रही है। पूरी टीम का मानना है कि फिल्म की इतनी अच्छी सफलता महाराज जी का ही चमत्कार है…’
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बारे में...
- फिल्म ‘हनुमान अंश’ बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित है।
- फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।
- ‘हनुमान अंश’ सिर्फ दो करोड़ रुपये के बजट में बनाई गई फिल्म है।
- इस फिल्म ने अपने ओपनिंग डे में 10 लाख रुपये का कारोबार किया था।
- फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन 210.37 करोड़ हो चुका है।