Rohit Basfore Death: फैमिली मैन 3 के अभिनेता रोहित बासफोर की रहस्यमयी हालत में मौत, परिवार ने लगाया ये आरोप
Family Man 3 Actor Rohit Basfore: ‘फैमिली मैन 3’ के अभिनेता रोहित बासफोर की मौत रविवार को रहस्यमयी हालात में हो गई। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए जांच की मांग की है।
विस्तार
असम के गरभंगा जंगल में रविवार शाम एक दुखद घटना ने सबको झकझोर दिया। मशहूर वेब सीरीज ‘फैमिली मैन’ सीजन 3 में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाले अभिनेता रोहित बासफोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे, लेकिन इस सैर ने उनकी जिंदगी छीन ली। परिवार ने इसे हादसा नहीं, बल्कि साजिशन हत्या करार दिया है और पुलिस से गहन जांच की मांग की है।
मूल रूप से असम के रहने वाले रोहित कुछ महीने पहले ही मुंबई से अपने गृहनगर लौटे थे। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ गरभंगा जंगल में पिकनिक के लिए निकले। उन्होंने परिवार को इस छोटी-सी सैर की जानकारी दी थी। लेकिन दोपहर बाद जब उनका फोन बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हुआ तो परिवार की चिंता बढ़ गई। कुछ देर बाद रोहित के एक दोस्त ने परिवार को फोन कर बताया कि एक हादसा हो गया है। रोहित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया। परिवार ने तुरंत स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) को सूचित किया, जिन्होंने रोहित का शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
Gene Hackman: जीन हैकमैन की अटॉप्सी रिपोर्ट आई सामने, मौत की असल वजह का हुआ खुलासा
गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में हुए पोस्टमॉर्टम ने मामले को और रहस्यमय बना दिया। रिपोर्ट के अनुसार रोहित के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई गंभीर चोटें पाई गईं। ये चोटें संदेह पैदा करती हैं कि क्या यह वाकई एक हादसा था या कुछ और। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना था, लेकिन परिवार के आरोपों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद अब मामले की गहराई से जांच शुरू हो गई है।
रोहित के परिवार ने साफ तौर पर इसे हत्या का मामला बताया है। उनका कहना है कि रोहित का हाल ही में कुछ लोगों के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में तीन लोगों, रंजीत बासफोर, अशोक बासफोर, और धरम बासफोर ने कथित तौर पर रोहित को जान से मारने की धमकी दी थी। परिवार ने एक जिम मालिक अमरदीप पर भी शक जताया है, जिसने कथित तौर पर रोहित को इस सैर के लिए बुलाया था। हैरानी की बात यह है कि ये चारों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिसने पुलिस की जांच को और जटिल बना दिया है।