बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: पहले दिन 'दृश्यम 3' ने 'पठान'-'एनिमल' को चटाई धूल; कैसी रही 'प्रेम कीटाणु' की शुरुआती चाल?
Box Office Collection: कल 02 अक्तूबर को 'दृश्यम 3' सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इसने दर्शकों को दीवाना कर दिया है। फिल्म की ओपनिंग भी शानदार रही है। इसके अलावा 'प्रेम कीटाणु' ने भी इसके साथ दस्तक दी। जानें कैसा रहा बीते दिन फिल्मों का कारोबार?
विस्तार
फैंस का इंतजार पूरा हुआ और कल शुक्रवार को अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' रिलीज हो गई। पहले दिन फिल्म ने गर्दा उड़ा दिया और बंपर ओपनिंग ली। वहीं, वीर पहाड़िया की 'प्रेम कीटाणु' ने सुस्त शुरुआत की। इसके अलावा पहले से लगी 'हनुमान अंश' समेत अन्य फिल्मों का कैसा हाल रहा? पढ़िए बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
ओपनिंग डे पर 'दृश्यम 3' ने कितने कमाए?
अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत अभिनीत 'दृश्यम 3 - द कन्क्लूजन' ने पहले ही दिन 'पठान', 'एनिमल' और 'स्त्री 2' समेत कई बड़ी बॉलीवुड फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक 'दृश्यम 3' ने ओपनिंग डे पर 66.75 करोड़ रुपये कमाए। बता दें कि 'स्त्री 2' ने पहले दिन 64.8 करोड़, 'एनिमल' ने 63.8 करोड़, 'पठान' ने 57 करोड़, 'वॉर' ने 53.35 करोड़ और 'वॉर 2' ने 52.5 करोड़ रुपये कमाए थे।
वर्ल्डवाइड भी रहा जलवा
- फिल्म 'दृश्यम 3 - द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक दी।
- इसका फायदा इसके ओपनिंग डे कलेक्शन में भी साफ देखने को मिला।
- 'दृश्यम 3' ने पहले दिन देशभर में नेट 66.75 करोड़ रुपये कमाए, वहीं ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपये रहा।
- ओवरसीज इसने 15 करोड़ रुपये कमाए, जिसे मिलाकर वर्ल्डवाइड इसने 95.10 करोड़ रुपये कमा लिए।
- इसके साथ ही अब यह फिल्म इस साल ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गई।
- वहीं, ओवरऑल इसने 'जन नायकन' और 'पैराडाइज' समेत कई फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पांचवा स्थान हासिल किया।
'प्रेम कीटाणु' की शुरुआत कैसी रही?
वीर पहाड़िया और आफिया सैयद की फिल्म भी कल रिलीज हुई। इसकी बोहनी ठंडी रही। 'प्रेम कीटाणु' ने कल ओपनिंग डे पर 50 लाख रुपये की कमाई के साथ खाता खोला। बता दें कि इस फिल्म में अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'डिगर' रही सुस्त
हॉलीवुड की यह ब्लैक कॉमेडी फिल्म भी कल 02 अक्तूबर को भारत में रिलीज हुई। हालांकि, इसकी शुरुआत काफी सुस्त दिखी। सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म 'डिगर' ने ओपनिंग डे पर भारत में 62 लाख रुपये का नेट कलेक्शन जुटाया।
'वन' की मजबूत पकड़ जारी
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत 'वन' फिल्म भी सिनेमाघरों में लगी है। यह 25 सितंबर को रिलीज हुई थी। कमाई की बात करें तो फिल्म 'वन' ने गुरुवार को 4.50 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, कल शुक्रवार को यानी आठवें दिन इसका कलेक्शन 3.40 करोड़ रुपये रहा। वन का टोटल नेट कलेक्शन 57 करोड़ रुपये हो गया है।
क्या 'हनुमान अंश' पर पड़ा असर?
'दृश्यम 3' बेशक सिनेमाघरों में आते ही छा गई है। मगर, इस फिल्म का असर 'हनुमान अंश' की कमाई पर नहीं दिखा। 'हनुमान अंश' ने गुरुवार को 2.90 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, कल शुक्रवार को 57वें दिन मामूली गिरावट के साथ इसकी कमाई 2.35 करोड़ रुपये रही। इस फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 319.73 करोड़ रुपये हो गया है। 'हनुमान अंश' का वर्ल्डवाइड कारोबार 417.01 करोड़ रुपये हो गया है।
जल्द विदा लेगी 'मिर्जापुर द मूवी'
आज शनिवार को इस फिल्म की रिलीज को 30 दिन पूरे हो गए हैं। सिनेमाघरों में भौकाल जमाने के बाद अब यह फिल्म लगभग विदा लेने की कगार पर पहुंच गई है। गुरुवार को इस फिल्म ने 71 लाख रुपये कमाए थे। वहीं, कल शुक्रवार को यानी 29वें दिन इसकी कमाई में भारी गिरावट दर्ज हुई है। बीते दिन इसने महज 19 लाख का कारोबार किया। इसी के साथ फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 229.67 करोड़ रुपये हो चुका है।