मातृभूमि: क्या पक्की हो गई सलमान खान की फिल्म के रिलीज होने की राह? काट-छांट के बाद सरकार से मिली मंजूरी
Salman Khan Film Maatrubhumi: सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि' को सरकार से मंजूरी मिलने की खबर है। कुछ बदलावों के बाद ऐसा हुआ है। अब यह फिल्म जल्द दर्शकों तक पहुंच सकती है।
विस्तार
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज का उनके प्रशंसक बेकरारी से इंतजार कर रही हैं। मगर, इस फिल्म की रिलीज की राह में तमाम रोड़े अटके हुए हैं। टाइटल बदला गया, रिलीज डेट बदली और टली। फिर अनिश्चितता का ऐसा दौर आया, जब लगा कि पता नहीं यह फिल्म रिलीज होगी या नहीं। मगर, नई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस फिल्म की रिलीज की राह खुल गई है।
बदलावों के बाद सरकार से मिली मंजूरी?
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' जल्द रिलीज हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बदलावों के बाद इसे सरकार से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद सलमान खान की वॉर ड्रामा फिल्म की रिलीज का रास्ता क्लियर हो गया है। बहुत संभव है कि अगले महीने यह रिलीज हो जाए। कहा गया है कि फिल्म में चीन को 'सकारात्मक रूप' में दिखाने के लिए बदलाव किए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' की कहानी शुरू में 2020 में गलवान घाटी में भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हुई झड़प पर आधारित थी।
री-शूट के बाद एनओसी जारी होने की खबर
पहले ऐसी खबरें थीं कि ‘मातृभूमि’ फिल्म में सरकार को चीन को दिखाए जाने के तरीके पर चिंता थी। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, अब सूचना और प्रसारण मंत्रालय फिल्म के बदले हुए वर्जन से 'संतुष्ट' है। मंत्रालय ने पिछले हफ्ते 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि डिफेंस मिनिस्ट्री की ओर से फिल्म के चीन-विरोधी रुख पर आपत्ति जताए जाने के बाद इसके कुछ हिस्सों की दोबारा शूटिंग (री-शूट) की गई थी। कहा जा रहा है कि नया वर्जन मूल फिल्म से काफी अलग है। अब इसमें भारत-चीन रिश्तों को ज्यादा सकारात्मक नजरिए से दिखाया गया है।
फिल्म ‘मातृभूमि’ के बारे में
सलमान खान अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमा खान ने प्रोड्यूस किया है। इसमें चित्रांगदा सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई है। बता दें कि पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवां’ था, जिसे इस साल की शुरुआत में बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। रिलीज को लेकर मुश्किलों का सामना कर रही फिल्म को सरकार से क्लियरेंस मिलने के बाद भाईजान के फैंस जल्द बड़े परदे फिल्म का लुत्फ उठा पाएंगे। देखना दिलचस्प होगा कि कलेक्शन के मामले में 'मातृभूमि' कैसा प्रदर्शन करती है?