अवसान: कोरोना के कारण भुवन बाम के माता-पिता का निधन, कहा- अब कुछ भी पहले जैसा नहीं रहेगा
- मशहूर यूट्यूबर भुवन बाम के माता पिता का कोरोना से निधन
- भुवन ने इंस्टाग्राम पर साझा किया पोस्ट
- सेलेब्स से लेकर फैंस तक सबने किया कमेंट
विस्तार
कोरोना की दूसरी लहर ने इस बार देश को बहुत प्रभावित किया है। हालांकि पिछले दिनों की तुलना में केस कुछ कम हुए हैं, लेकिन ये महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। कोरोना की दूसरी लहर ने बहुत से लोगों की जान ली है और कई परिवार बर्बाद हो गए। आम जनता के साथ साथ मनोरंजन जगत के सेलेब्स ने भी इस महामारी में अपनों को खो दिया। हाल ही में मशहूर यूट्यूबर भुवन बाम ने बताया कि कोरोना के कारण हुई जटिलताओं के चलते उनके माता-पिता इस दुनिया से चले गए। भुवन ने इंस्टाग्राम पर अपने माता पिता की कई तस्वीरें साझा कीं और बताया कि कोरोना के कारण उनके माता पिता का निधन हो गया। इसके साथ ही भुवन ने बेहद ही भावुक कर देने वाली बातें लिखीं जिससे पढ़कर हर किसी की आंखें नम हो जा रहीं। भुवन ने लिखा, 'मेरी दोनों लाइफलाइन को मैंने कोरोना के कारण खो दिया। आई और बाबा के बिना कुछ भी पहले जैसे नहीं रहेगा। एक महीने में सबकुछ बिखर चुका है।घर,सपने सब कुछ'।
आगे भुवन ने लिखा, 'मेरी आई मेरे पास नहीं है, बाबा मेरे साथ नहीं है।अब शुरु से जीना सिखना पड़ेगा। मन नहीं कर रहा। क्या मैं एक अच्छा बेटा था? क्या मैंने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की? ये कुछ सवाल ऐसे हैं जो सारी जिंदगी मेरे साथ रहेंगे। मैं उन्हें दोबारा देखने का इंतजार नहीं कर सकता। मुझे उम्मीद है कि वो दिन जल्द ही आएगा'।
भुवन के इस पोस्ट पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक ने कमेंट किया और उन्हें दिलासा दिया। बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने उनके पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'भाई आपने जो खोया उसके लिए बहुत दुख है,आपने बहुत कुछ किया है। मुझे पता है। हम सब कुछ करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जो लिखा है उसे बदल नहीं सकते हैं। मैं अपने माता पिता को पहले ही खो चुका हूं इसलिए आपको बता सकता हूं कि वो कहीं नहीं गए हैं, बल्कि उनका आशीर्वाद हमेशा आपके साथ है। भगवान आप पर कृपा बनाए रखे'।
ताहिरा कश्यप ने भी भुवन के पोस्ट पर कमेंट किया। ताहिरा ने लिखा, 'जानकर अपार कष्ट पहुंचा है भुवन, भगवान आपको शक्ति दे'। उनके अलावा मशहूर यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने भी कमेंट किया। आशीष ने लिखा, 'सुनकर हैरान और स्तब्ध हूं। भाई हम सब तेरे साथ हैं। कोई इस वक्त तुम्हारे जैसा नहीं महसूस कर सकता है। कोई तुम्हारा दुख नहीं समझ सकता है। उन्होंने तुम्हें बहुत प्यार किया है। मेरे और मेरे परिवार की सारी प्रार्थना तुम्हारे साथ हैं। आशीष के अलावा कैरीमिनाटी ने भी भुवन के पोस्ट पर कमेंट किया और उन्हें मजबूत रहने की बात कही। बता दें कि भुवन को पिछले साल नवंबर में कोरोना संक्रमण हुआ था, लेकिन एक महीने बाद वो पूरी तरह ठीक हो गए थे।