बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। अब तो जबसे उनकी बाइक का चालान कटा है तबसे वे खासा सक्रिय नजर आ रहे हैं। दो-तीन वीडियो चर्चा में आने के बाद उन्होंने अब एक और वीडियो शेयर कर दिया है जो सुर्खियां बटोर रहा है।
चालान कटने के बाद ये क्या हुआ विवेक ओबेरॉय के साथ? वेटर ने ऑमलेट की जगह परोस दिया हेलमेट
दरअसल, अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में विवेक नाश्ते का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान एक शख्स सफेद कपड़े से कुछ ढककर लाता है। विवेक को लगता है कि उनके लिए ऑमलेट लाया गया है, लेकिन जैसे ही विवेक सफेद कपड़ा उठाते हैं तो उन्हें ऑमलेट की जगह हेलमेट मिलता है।
इसको देखकर अभिनेता चौंक जाते हैं। विवेक ने इस वीडियो को शेयर करते हुए एक मजेदार सा कैप्शन भी लिखा है। विवेक ने लिखा है कि 'अगर भेजे को बचाना हो बनने से पहले ऑमलेट तो गाड़ी चलाते वक्त जरूर पहनिए हेलमेट।' विवेक इस वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वहीं उनके इस वीडियो को लोग काफी पसंद भी कर रहे हैं।
इससे पहले भी विवेक ने चालान कटने पर एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें वो पावरी हो रही है का मीम करते नजर आए थे। अभिनेता उस वीडियो में कहते नजर आए थे कि 'ये हम हैं, ये हमारी बाइक्स हैं और ये हमारी पॉउटी कट गई है’।
बता दें कि वेलेंटाइन डे की रात विवेक पत्नी को लेकर बिना हेलमेट के बाइक पर नाइट राइडिंग का मजा लेने खुली सड़कों पर निकले थे। इतना ही नहीं पेट्रोल पंप पर फैंस के साथ सेल्फी भी खिजवा रहे थे। इसकी जानकारी लगते ही मुंबई पुलिस ने उनपर 500 रुपये का जुर्माना ठोक दिया था।