लॉकडाउन ने इस हीरोइन को सिखाया परिवार का मतलब, बोलीं, अब कभी शाम की कॉफी अकेले नहीं पी पाऊंगी
कुछ समय पहले कोरोना वायरस की वजह से हुए देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान क्या नामचीन हस्तियां और क्या आम आदमी, सब एक जैसे नजर आए हैं। सभी लोगों ने अपने घरों में रहकर घर के काम काज किया है और अपना मनपसंद काम करके अपना वक्त गुजारा है। टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री रीम शेख को भी इस लॉकडाउन में ही परिवार की अहमियत पता चली है। इससे पहले काम में व्यस्त रहने की वजह से उन्होंने कभी अपने परिवार को वक्त नहीं दिया। लेकिन, लॉकडाउन के दौरान हुई छोटी छोटी चीजों ने उन्हें अपनी मां के बहुत करीब ला दिया है।
रीम शेख कहती है, 'इस लॉकडाउन ने हम सभी को बहुत सारी अच्छी बातें सिखाई हैं। मुझे यह सोचकर अफसोस है कि अपने परिवार के साथ रहते हुए भी मैं कभी परिवार का महत्व नहीं समझ पाई थी। कहीं ना कहीं हम सभी अपने चाहने वालों को बड़े हल्के में लेते हैं। यह वाकई बड़ा अजीब है कि जब वैश्विक महामारी और देशव्यापी लॉकडाउन आया तब जाकर मुझे परिवार की अहमियत का एहसास हुआ है। इस वक्त ने मुझे अपने परिवार के बहुत करीब ला दिया है। मुझे नहीं लगता कि मैं अब कभी अपनी शाम की कॉफी अकेले पी पाऊंगी।'
अभिनेत्री रीम ने लॉकडाउन के दौरान अपने परिवार के साथ वक्त तो बिताया ही है, इसके अलावा उन्होंने घर के भी कामकाजों में खूब मन लगाया है। उन्होंने बताया, 'अब मुझे मेरे हर काम के लिए मेरी मां के साथ की जरूरत महसूस होती है। क्योंकि, लॉकडाउन के दौरान अब यही एक आदत सी बन गई है। मेरी मां और मैंने इस दौरान साथ मिलकर खाना पकाया है। मुझे लगता है कि इन छोटी-छोटी चीजों ने मुझे मेरी मां के बहुत करीब ला दिया है।' रीम शेख इस समय टीवी के धारावाहिक 'तुझसे है राब्ता' का हिस्सा हैं। लगभग तीन महीने की शूटिंग बंदी के बाद इस शो के कलाकार भी फिर से सेट पर पहुंच गए हैं।
पढ़ें: सुशांत की आत्महत्या मामले में बयान दर्ज कराने बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचीं संजना संघी, 'दिल बेचारा' में साथ किया है काम