Triptii Dimri Movie Shelved: तृप्ति डिमरी की ‘लव स्टोरी’ पर लगा ब्रेक, फहाद के साथ जोड़ी बनने में लंबा इंतजार
Triptii Dimri Upcoming Movie: तृप्ति डिमरी की इस साल की पहली फिल्म की रिलीज जैसे जैसे करीब आती जा रही है, उनको अपनी फिल्मों में लेने वाले निर्माता-निर्देशकों की सांसें तेज होती जा रही हैं।
विस्तार
हीरोइन नंबर वन बनने को बेकरार अभिनेत्री तृप्ति डिमरी की मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार फहाद फासिल के साथ प्रस्तावित निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म अनिश्चतकाल के लिए स्थगित हो गई है। ये फिल्म रिलायंस एंटरटेनमेंट के साथ बनी इम्तियाज की साझा कंपनी विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले बननी है, लेकिन रिलायंस के सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म के लिए अभी तक बजट मंजूर नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक फहाद फासिल ने भी फिल्म के लिए आवंटित तारीखें अब दूसरी फिल्मों को दे दी हैं।
फिल्म ‘एनिमल’ में दिए नग्न दृश्यों और फिल्म में मिले उपनाम भाभी 2 को लेकर सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंडिंग रहीं अभिनेत्री तृप्ति डिमरी का करियर इन दिनों नई उड़ान पर है। हालांकि, इस फिल्म के बाद आई उनकी दो फिल्में ‘बैड न्यूज’ और ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ फ्लॉप रहीं लेकिन फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ ने उनकी पोजीशन फिर संभाल ली है। इस फिल्म के बाद से ही तृप्ति की मांग काफी बढ़ चुकी है।
इस साल की उनकी पहली फिल्म ‘धड़क 2’ अब जल्द रिलीज होने वाली है। तृप्ति डिमरी की इस साल की पहली फिल्म की रिलीज जैसे जैसे करीब आती जा रही है, उनको अपनी फिल्मों में लेने वाले निर्माता-निर्देशकों की सांसें तेज होती जा रही है। 1 अगस्त को रिलीज होने जा रही तृप्ति की फिल्म ‘धड़क 2’ में उनके हीरो सिद्धांत चतुर्वेदी की सिनेमाघरों में सोलो लीड वाली ये दूसरी फिल्म होगी। सिद्धांत का जैसा हाल बॉक्स ऑफिस पर रहा है, उससे खुद तृप्ति की भी रातों की नींद उड़ी हुई है।
गौरतलब है कि सिद्धांत की पिछली फिल्म ‘युधरा’ रिलीज के पहले दिन ही फ्लॉप घोषित हो गई थी। इस बीच तृप्ति डिमरी हाल ही में दीपिका पादुकोण द्वारा छोड़ी गई फिल्म ‘स्पिरिट’ के लिए अभिनेता प्रभास के साथ साइन होने के बाद से सुर्खियों में हैं। दीपिका ने ये फिल्म काम के घंटे तय न होने के चलते छोड़ी है। तृप्ति के पास ‘स्पिरिट’ के ही निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल पार्क’ भी है जिसमें वह फिल्म ‘एनिमल’ का अपना किरदार आगे बढ़ाती नजर आएंगी।