The Archies: 'द आर्चीज' को ट्रोल करने वालों पर भड़कीं जोया अख्तर, पूछा- क्या गोरे लोग भारतीय नहीं होते?
जोया अख्तर ने 'द आर्चीज' को ट्रोल करने वाले लोगों को जवाब दिया, जिनका मनना है कि फिल्म के किरदार 60 के दशक के भारतीयों जैसे नहीं दिखते हैं।
विस्तार
जोया अख्तर इन दिनों अपने निर्देशन में बनी आगामी फिल्म 'द आर्चीज' को लेकर सुर्खियों में हैं। जहां 'द आर्चीज' पहले खुशी कपूर, अगस्त्य नंदा और सुहाना खान जैसे स्टार किड्स की डेब्यू फिल्म होने की वजह से चर्चा में थी, वहीं इस समय फिल्म अपने ट्रेलर के कारण सुर्खियों में है। हाल ही में 'द आर्चीज' का ट्रेलर रिलीज हुआ और इसे लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली हैं। एक तरफ इंटरनेट पर लोगों का एक ग्रुप पॉपुलर के कॉमिक को दिए गए देसी ट्विस्ट से प्रभावित थे, दूसरी तरफ कुछ नेटिजन्स ने 'द आर्चीज' को यह कहते हुए ट्रोल किया कि कैरेक्टर्स भारतीय नहीं दिखते। ट्रेलर को मिल रही आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए, निर्देशक जोया अख्तर ने ट्रोल्स की मानसिकता पर सवाल उठाया।
जोया अख्तर ने दिया जवाब
जोया अख्तर ने एक इंटरव्यू में कहा, 'आप ऐसा क्यों सोचते हैं? वे सभी भारतीय हैं। यह एक तरह से नस्लवाद है। क्या आप कह रहे हैं कि गोरे भारतीय, भारतीय नहीं होते हैं? हम कैसे परिभाषित कर सकते हैं कि एक भारतीय कैसा दिखता है? यह ऋतिक रोशन हो सकता है, यह मिस्टर रजनीकांत हो सकते हैं, यह दिलजीत दोसांझ हो सकते हैं, यह मैरी कॉम हो सकती हैं। यही भारत की खूबसूरती है। बहुत सारे भारतीय ऐसे हैं जिनका रंग गोरा है।' ट्रेलर ने देसी रिवरडेल की झलक दिखाते हुए दर्शकों को कॉमिक्स के जमाने में वापस ले गया।
Gadar 2: मेकर्स जल्द रिलीज करेंगे 'गदर 2' का दूसरा धमाकेदार टीजर, दर्शकों को दिखेगी 'सकीना' की झलक
वास्तविकता को बरकरार रख बनाई फिल्म
फिल्म के बारे में बोलते हुए, जोया अख्तर ने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि, 'यह एक अवास्तविक अनुभव है क्योंकि आर्ची कॉमिक्स मेरे बचपन का हिस्सा थी। इन पसंदीदा किरदारों को लेना और उन्हें नई पीढ़ी से परिचित कराना बेहद रोमांचक है। लेकिन इतना सब करने के बाद भी पुरानी यादों को बरकरार रखना है, जिससे मूल कॉमिक जीवित रहे। हमने इसे भारत में एंग्लो-इंडियन समुदाय में स्थापित किया है और हम आपको रिवरडेल के जादुई, काल्पनिक शहर में ले जाने के लिए इंतजार नहीं कर सकते।'
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
'द आर्चीज' की कहानी 60 के दशक में आधारित है और इसमें आर्ची एंड्रयूज के किरदार में अगस्त्य नंदा, वेरोनिका लॉज के रूप में सुहाना खान, बेट्टी कूपर के रोल में खुशी कपूर, जुगहेड जोन्स के रोल में मिहिर आहूजा, रेगी मेंटल के रूप में वेदांग रैना, एथेल मुग्स के रूप में अदिति डॉट सैगल शामिल हैं। इस फिल्म का रूपांतरण जोया, रीमा कागती और आयशा डेवित्रे ने किया है। 'द आर्चीज' का प्रीमियर 24 नवंबर को ओटीटी पर होगा।
Mohit Malik: बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार मोहित मलिक, निर्देशक अभिषेक कपूर की अगली फिल्म का होंगे हिस्सा?