Jayakumari: एक्ट्रेस जयकुमारी ने इलाज के लिए मांगी आर्थिक मदद, स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम ने की मुलाकात
स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम ने अस्पताल जाकर एक्ट्रेस से मुलाकात की है। उन्होंने यह आश्वासन दिया है कि जयकुमारी के उपचार का खर्च सरकार उठाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्ट्रेस किडनी से संबंधित बीमारी से पीड़ित हैं।
विस्तार
दक्षिण सिनेमा की दिग्गज अदाकाराओं में शुमार रहीं अभिनेत्री जयकुमारी बीमारी से जूझ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक संकट की इस घड़ी में एक्ट्रेस आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं। हालात ऐसे हैं कि उनके पास अपना उपचार तक कराने के लिए पैसे नहीं हैं। आपको बता दें कि जयकुमारी 1960 और 70 के दशक में तमिल और मलयालम सिनेमा पर राज कर चुकी हैं। वह फिल्मों में अपने ग्लैमरस किरदारों के लिए जानी गईं। फिलहाल बीमारी और आर्थिक परेशानियों चलते उनकी हालत ठीक नहीं है। उन्होंने मदद की गुहार लगाई है। ऐसे में तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम ने एक्ट्रेस की मदद को हाथ बढ़ाए हैं।
सरकारी अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्ट्रेस किडनी से संबंधित बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने अपने इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी थी। पैसे के बिना जयकुमारी बेहद खराब स्थिति में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जयकुमारी चेन्नई के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल से एक्ट्रेस की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं और वायरल हो रही हैं। हालांकि, तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री ने एक्ट्रेस के उपचार का आश्वासन दिया है। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम ने अस्पताल में जाकर एक्ट्रेस से मुलाकात भी की है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि एक्ट्रेस के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी।
बेटे के साथ रहती हैं एक्ट्रेस
रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ वर्ष पहले जयकुमारी के पति का निधन हो गया था। इसके बाद से वह अपने बेटे रोशन के साथ रह रही हैं। बता दें कि जयकुमारी के पति नागपट्टिनम अब्दुल्ला का निधन काफी पहले हो गया। एक्ट्रेस का एक बेटा और दो बेटियां हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयकुमारी के उपचार में लाखों का खर्च आ सकता है, इसके लिए उन्होंने मदद की गुहार लगाई थी। वह खुद इतनी बड़ी रकम का भुगतान करने की स्थिति में नहीं हैं।
तीन सौ से ज्यादा फिल्में की हैं
बता दें कि जयकुमारी ने 1968 में मलयालम फिल्म 'कलेक्टर मलाथी' से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 'फुटबॉल चैंपियन' में प्रेम नजrर, 'नूत्रुक्कू नूरू' में जयशंकर और 'मन्नीना मागा' में डॉ राजकुमार जैसे फेमस एक्टर्स के साथ काम किया है। उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में एक्टिंग की है। उन्होंने 'एंगिरिंडो वंदल', 'हरमना', 'नुट्रुक्कु नुरु', 'अनाथाई आनंदन' और कई फिल्मों से लोकप्रियता हासिल की।