सोशल मीडिया: सना खान ने शादी की पहली सालगिरह पर पति मुफ्ती अनस को किया विश, फोटो शेयर कर कही यह बात
सना ने पति मुफ्ती अनस को बड़े ही प्यार भरे अंदाज में सालगिरह की मुबारकबाद दी। अपने शौहर को इस खास मौके पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है।
विस्तार
ग्लैमर वर्ल्ड से मुंह मोड़ चुकीं सना खान आज अपनी शादी की पहली सालगिरह मना रही हैं। अपने इस खास मौके पर सना ने पति मुफ्ती अनस को बड़े ही प्यार भरे अंदाज में सालगिरह की मुबारकबाद दी। अपने शौहर को इस खास मौके पर बधाई देते हुए सना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है।
उन्होंने अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'मैं आपके लिए वैसे ही दुआ करती हूं, जैसे मैं अपने लिए दुआ करती हूं, क्योंकि मैं जो अपने लिए चाहती हूं, वह आपके लिए भी चाहती हूं। आप मुझे अल्लाह के करीब ले जाते हैं। शादी की पहली सालगिरह खूब मुबारक हो।'
View this post on Instagram
तस्वीर शेयर करते हुए सना खान ने अपने शौहर के साथ हज पर जाने की भी इच्छा जाहिर की। दरअसल शेयर की गई इस तस्वीर के बैकग्राउंड में मक्का-मदीना का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा है। वहीं, सना और उनके शौहर तस्वीर में एक दूसरे को निहारते नजर आए। उन्होंने लिखा, 'मैं इंतजार नहीं कर सकती कि कब बैकग्राउंड का यह नजारा हमारे लिए हकीकत बने।'
सना खान ने पिछले साल अपने अचानक लिए दो फैसलों से सभी को चौंका दिया था। अपने पहले फैसले के तहत उन्होंने अभिनय और ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया था। जिसके बाद मुफ्ती अनस सईद के साथ गुपचुप निकाह कर सभी को हैरान कर दिया था। अपनी इस शादी के बाद से ही वह सुर्खियों में बनी रहती हैं।