'हीरो बन गई हूं तो हीरो वाले पैसे भी लूंगी'
साल 2015 की शुरूआत फिल्म 'तेवर' से करने के बाद से ही सोनाक्षी बडे पर्दे से गायब रहीं। लगभग दो साल पहले 85 करोड में बनी उनकी पिछली फिल्म तेवर को बॉक्स ऑफिस पर लगभग 56 करोड की ही कमाई हुई थी और फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी।
लेकिन अब सोनाक्षी वापसी कर रही हैं फिल्म 'अकीरा' के साथ और फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं एक्शन फिल्मों में महारत रखने वाले निर्माता निर्देशक ए आर मुर्गदाॅस, जो गजनी, स्टालिन और हॉलीडे जैसी फिल्में बना चुके हैं।
सोनाक्षी कहती हैं, 'अकीरा साइन करने की कई वजह थीं जैसे, यह एक सोलो फिल्म है और मैं एक सोलो फिल्म करना चाहती थी, फिर मुर्गदॉस के निर्देशन में काम करने, एक्शन करने का मौका भी था।'
सोनाक्षी ने कहा कि फिल्म एक एक्शन फिल्म है जिसके लिए उन्होनें पहली बार मिक्स मार्शल आर्ट सीखा, 'फिल्म में जिस तरह के एक्शन थे मुझे उसके लिए काफी ट्रेनिंग करनी पडी क्योंकि मैं तैयार दिखना चाहती थी, ऐसे में मिक्स मार्शल आर्ट मैंने पहली बार सीखा है और हां मैंने पहली बार इस फिल्म के लिए गाना गया है जो मेरे लिए नई चीज है।'
इस फिल्म में सोनाक्षी के अलावा निर्देशक अनुराग कश्यप भी अभिनय कर रहे हैं और वो विलेन के रोल में हैं और लीड रोल सोनाक्षी ही निभा रही हैं।
हीरो-हीरोइन की फीस जल्दी ही बराबर हो जाएगी
अनुराग एक करप्ट पुलिस अफसर हैं जो किसी और लडकी की जगह अकीरा (सोनाक्षी) का अपहरण कर लेते हैं और फिर ये अकीरा ही उनपर भारी पडती है। सोनाक्षी ने बीबीसी से कहा, 'फिल्म के ट्रेलर के बाद मुर्गदास ने मुझे कहा था कि अब तो तुम हीरो बन गयी हो तो अब से अपनी फीस भी हीरो की तरह चार्ज करना।'
वो आगे कहती हैं, 'अब ये बात मजाक में भले कही गयी हो लेकिन इस समय जिस तरह से औरते आगे बढ रहीं है मैं आशा करती हूं कि वैसे ही हीरो और हीरोइन्स की फीस में जल्द ही बराबरी पर आ जाए।'
फिल्म अकीरा में एक मजबूत लडकी का किरदार निभाने वाली सोनाक्षी अपनी फैन्स और देशभर की महिलाओं को यह संदेश देना चाहती हैं कि वो अपने आपको किसी से कम न समझे क्योंकि आज की दुनिया में ऐसा कोई काम नहीं है जो औरतें मर्दो से बेहतर नहीं कर सकतीं, 'आपको अपने पर भरोसा होना चाहिए और खुद पर गर्व होना चाहिए कि आप एक महिला हैं।'