अब एकांत की तलाश में हैं अभिनेत्री श्रद्धा कपूर
श्रद्धा कपूर की लोकप्रियता जिस तेजी से बढ़ रही है, उसके बाद उन्हें आम युवतियों की तरह बाहर जाना मुश्किल होता जा रहा है। कुछ दिनों पहले तक तो वह जरूर अपने घर के पास जिम में चली जाया करती थीं, लेकिन फिल्म ‘एक विलेन’ का प्रोमो और गाने हिट होने के बाद से उन्हें जिम जाने में भी मुश्किल हो रही है।
वहां लोग उन्हें या तो घेर लेते हैं या फिर हर किसी की नजर श्रद्धा पर ही टिकी रहती है कि क्या कर रही हैं, कैसे कर रही हैं। ऐसे में श्रद्धा को एक्सरसाइज के लिए प्राइवेसी (निजी एकांत) की जरूरत महसूस होने लगी है।
आदित्य ने की है अब मदद
सूत्र खबर लाए हैं कि श्रद्धा को एक्सरसाइज का एकांत मुहैया कराने में अब निर्माता आदित्य कपूर ने उनकी मदद की है। हुआ यह कि श्रद्धा को ‘एक विलेन’ के प्रमोशन के साथ साथ अपनी अगली फिल्म ‘एबीसीडी’ की शूटिंग की भी तैयारी करनी है, जिसमें वह वरुण धवन की हीरोइन बनी हैं। यह एक डांस फिल्म है, जिसके लिए श्रद्धा को पूरी तरह फिट होना जरूरी है।
प्राइवेसी न मिलने के चलते पिछले कुछ दिनों से श्रद्धा जिम नहीं जा पा रही थीं। आखिर में यह हुआ कि उन्होंने आदित्य चोपड़ा से मदद मांगी।उल्लेखनीय है कि एक समय आदित्य ने उन्हें फिल्म ‘लव का द एंड’ से चोपड़ा कैंप की देखरेख में ले लिया था। परंतु यह फिल्म ऐसी फ्लॉप हुई कि श्रद्धा को लगा चोपड़ा कैंप के सहारे उनके कैरियर का ही द एंड हो जाएगा।
तोड़ दिया था करार
उन्होंने आदित्य के साथ अपना तीन फिल्मों का करार तोड़ दिया। उन्होंने चोपड़ा कैंप की ‘औरंगजेब’ में काम करने से इंकार कर दिया और भट्ट कैंप की ‘आशिकी 2’ को साइन कर ली। श्रद्धा का फैसला सही साबित हुआ।
‘औरंगजेब’ फ्लॉप हो गई और ‘आशिकी 2’ ने श्रद्धा को स्टार बना दिया। ऐसे में आदित्य चोपड़ा की उनसे नाराजगी ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी। अब आदित्य एक बार फिर से श्रद्धा की मदद के लिए आगे आए हैं।
उन्होंने अपना पर्सनल जिम श्रद्धा के लिए खुलवा दिया है। अब देखना है कि श्रद्धा को आदित्य की यह मदद कब तक जारी रहती है। कहीं अगर श्रद्धा ने उनकी अगली फिल्म भी ठुकरा दी तो क्या ये दरवाजे खुले रहेंगे?