बॉलीवुड के दिग्गज कालकार राजकुमार राव की बहुचर्चित हॉरर कॉमेडी फिल्म 'स्त्री' लंबे समय से चर्चा में हैं। बीते महीने फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था जिसमें एक चुड़ैल की परछाई को एक गांव में भटकते हुए दिखाया गया। दर्शकों को फिल्म का टीजर काफी पसंद आया था। अब फिल्म में चुड़ैल के रोल का खुलासा हो गया है।
जी हां मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो फिल्म 'स्त्री' में चुड़ैल का रोल बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर कर रही हैं। इस बात का खुलासा हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के फर्स्ट लुक से हुआ है। फिल्म के नए लुक में श्रद्धा कपूर एकदम डरावनी नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि 'स्त्री' में श्रद्धा कपूर का लुक हॉलीवुड की सुपरहिट हॉरर फिल्म 'कॉन्ज्यूरिंग' की नन से प्रेरित है।
दिनेश विजान की इस फिल्म में राजकुमार राव की जोड़ी पहली बार श्रद्धा कपूर के साथ दिखाई देगी। वहीं बात करें 'स्त्री' की कहानी की तो यह फिल्म कर्नाटक की 90 के दशक की एक घटना पर आधारित है। कहा जाता है कि कर्नाटक के एक गांव में रात के समय एक चुड़ैल घूमती थी। वह चुड़ैल रात को गांव के लोगों के घर का दरवाजा खटखटाती और जो भी दरवाजा खोलता उसकी मौत हो जाती थी। इसके बाद उस भूतिया चुड़ैल के साये से बचने के लिए लोगों ने अपने घर की दीवारों पर 'कल आना' लिखना शुरू कर दिया। फिल्म 'स्त्री' 31 अगस्त हो रिलीज होगी।
आपको बता दें कि जिस फिल्म से श्रद्धा कपूर का लुक प्रेरित है, उसका भी एक पार्ट जल्द दर्शकों के बीच होगा। हॉलीवुड हॉरर फिल्म 'कॉन्ज्यूरिंग' के अब तक चार सीक्वेल आ चुके हैं। पिछले साल इस फिल्म का चौथा सीक्वेल ‘एनाबेल: क्रिएशन’ के नाम से आया था जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। सितंबर में इसका स्पिन-ऑफ 'द नन' रिलीज होगा।गौरतलब है कि 'कॉन्ज्यूरिंग' हॉलीवुड हॉरर फिल्मों की सबसे सफल सीरीज में से एक है।
हाल ही में राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर फिल्म स्त्री का टीजर रिलीज किया है। इसे लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। देखें फिल्म का टीजर...