Sharad Kelkar: शरद केलकर को याद आया संघर्ष का दौर, दिन में 25 रुपये के अंडे और दो रोटियां खाकर करते थे गुजारा
शरद केलकर ने मुंबई में एक स्ट्रगलर के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद किया। एक इंटरव्यू में अभिनेता ने खुलासा किया कि एक मॉडल के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने से पहले वह एक जिम में प्रति माह 2750 रुपये कमाते थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपने अभिनय से धमाल मचाने वाले शरद केलकर इन दिनों सिनेमाघरों में अपनी आवाज से कमाल कर रहे हैं। साउथ सुपरस्टार नानी की फिल्म 'दशहरा' में नेचुरल स्टार की आवाज बन पर्दे पर छाने वाले शरद केलकर ने इसमें भी लोगों की खूब तारीफ लूटी है। इस बीच अब अभिनेता ने साल 2002 में मुंबई आने के बाद, फिल्म इंडस्ट्री में अपने संघर्षों को याद किया। इस दौरान उन्होंने बहुत सारी चीजों का खुलासा किया। शरद ने बतौर मॉडल अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद वह टीवी की दुनिया से घर-घर में छा गए और फिर फिल्मों को अपना साथी बना लिया। लेकिन एक समय ऐसा भी आया था जब उन्हें घर चलाने में काफी दिक्कत हो रही थी।
शरद केलकर हाल ही में एक पॉडकास्ट में पहुंचे थे, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी बहुत चीजों का खुलासा किया। शरद ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद करते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब वह मात्र 25 रुपये अपने खाने पर खर्च किया करते थे। इसके साथ ही उन्होंने याद किया कि उन्हें एक फैशन शो के लिए 5000 रुपये की पेशकश की गई थी तो वह बहुत उत्साहित हो गए थे। उन्होंने कहा कि वह पहली बार छुट्टी पर अपने भाई से मिलने मुंबई गए थे और जब वह शहर में थे तो एक फैशन शो के लिए कॉल आया था। बस यहीं से उनका मॉडलिंग का सफर शुरू हुआ था।
शरद केलकर ने कहा, 'मैं बांद्रा के बाजार रोड में एक कमरे में नौ लड़कों के साथ रहा करता था। यह राजस्थानी होटल हुआ करता था, जो मूल रूप से टिफिन सर्विस दिया करता था। वह लोग एक चपाती को 2 रुपये में बेचते थे और हमें खाने को कुछ अंडे मिलते थे। मैंने एक गैस सिलेंडर की व्यवस्था की थी और उस जमाने में मेरा खाना बहुत ही साधारण था। मैं रोज चार अंडे और दो रोटी, सुबह और शाम को खाता था। यानी मैं अपने खाने पर मात्र 25 रुपये खर्च किया करता था।' जब शराब से अल्कोहल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, शायद तीन महीने में एक बार वह पिया करते थे। अभिनेता बोले, 'हम तभी पार्टी करते थे जब हमें कोई काम मिलता था, जैसे कोई विज्ञापन या फोटोशूट। नहीं तो समय बहुत मुश्किल था। लेकिन जब मैंने टीवी में काम करना शुरू किया, तब धीरे-धीरे चीजें बेहतर होने लगी थीं।'
शरद केलकर ने अपनी कमाई के बारे में भी बात की। अभिनेता ने बताया कि वह शुरुआती दिनों में एक जिम में काम किया करते थे। इस काम के वह हर महीने लगभग 2750 रुपये कमाते थे। ऐसे में जब उन्हें एक फैशन शो में 'तीन मिनट' के लिए रनवे पर चलने के लिए 5000 रुपये का ऑफर मिला तो वह बहुत खुश हो गए थे। वह बोले, 'मैंने मुंबई के बारे में कुछ महसूस किया और इस तरह से मैंने अपनी शुरुआत की थी।'