‘राजा शिवाजी’ के 100 करोड़ रुपए बजट पर रितेश देशमुख ने दी प्रतिक्रिया, बोले- सिर्फ प्रोड्यूसर जानते हैं सच्चाई
Riteish Deshmukh On Raja Shivaji Budget: रितेश देशमुख ने ‘राजा शिवाजी’ के बड़े बजट को लेकर चल रहीं तमाम चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। जानिए फिल्म के 100 करोड़ रुपए के बजट के सवाल पर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
निर्माता-निर्देशक और अभिनेता रितेश देशमुख इन दिनों अपनी नई रिलीज फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। मराठी भाषा में फिल्म को काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म की रिलीज के समय इस मल्टीस्टारर फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपए बताया जा रहा था। अब रितेश देशमुख ने खुद फिल्म के बजट को लेकर खुलासा किया है। साथ ही उन्होंने फिल्म के 100 करोड़ रुपए के बजट की खबरों पर भी प्रतिक्रिया दी है।
बजट को लेकर प्रोड्यूसर पर नहीं पड़ता फर्क
द राइट एंगल के नए एपिसोड में सोनल कालरा के साथ बातचीत के दौरान रितेश देशमुख ने ‘राजा शिवाजी’ के बजट को लेकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म निर्माता होने के नाते उन पर फिल्म की बड़ी ओपनिंग का दबाव होता है, क्योंकि लोग इसके बड़े बजट की चर्चा कर रहे हैं।
इस पर रितेश ने कहा कि ‘राजा शिवाजी’ के बजट को लेकर जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उनका असली बजट तो सिर्फ निर्माता ही जानते हैं। फिल्म निर्माता के तौर पर हमें फिल्म के बजट पर चर्चा करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है, क्योंकि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आज के इंडस्ट्री में एक्टर्स की फीस और बजट को लेकर होने वाली चर्चा अनावश्यक रूप से केंद्र बन गई है।
दर्शकों से ये सवाल करते हैं रितेश
रितेश ने सवाल उठाते हुए कहा कि बजट से क्या लेना-देना है? अगर कोई मुझसे बजट पूछता है, तो मैं उनसे पूछता हूं, 'आप फिल्म देखने के लिए टिकट पर कितना खर्च कर रहे हैं?' वे कहते हैं, 100, 250 या 300 रुपए। मैं जवाब देता हूं कि यही बजट है। इस बारे में बात करना बंद कर देना चाहिए। इसे जादुई होने दो, बस जाओ और फिल्म का अनुभव करो।
रितेश ने आगे थिएटर में फिल्में देखने के अपने बचपन के अनुभवों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब मैं बचपन में अमिताभ बच्चन की फिल्में, जैसे शोले, देखने जाता था, तो मैं कभी नहीं सोचता था कि इसका बजट क्या है? मैं बस बड़े पर्दे का मनोरंजन चाहता था।
हमने कभी अपनी फिल्मों के बजट को सार्वजनिक नहीं किया
अभिनेता का मानना है कि फिल्मों के आंकड़ों को लेकर लोगों की जिज्ञासा को बढ़ावा देने के लिए खुद फिल्म इंडस्ट्री ही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि हमें कभी पता नहीं चलता कि फिल्मों ने कितना कलेक्शन किया। दुर्भाग्य से आज यही चलन है।
लोग सोचते हैं कि एक्टर्स फिल्मों के लिए कितनी फीस लेते हैं? यह हमारी गलती है, हम ही इन आंकड़ों को हवा देते हैं। जिन्हें लगता है कि यह सही है, ठीक है। हमने अब तक मराठी में सात फिल्में बनाई हैं, हमने कभी भी अपनी फिल्मों का बजट सार्वजनिक नहीं किया है।
‘राजा शिवाजी’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म को रिलीज हुए एक हफ्ते से ज्यादा वक्त हो गया है। सैकनिल्क के मुताबिक, ‘राजा शिवाजी’ ने आठ दिनों में 55.85 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है।