सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने जब से अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है, तभी से रिया मीडिया के सामने नजर नहीं आई हैं। हालांकि अब पहली बार सुशांत सिंह राजपूत मामले में रिया चक्रवर्ती का बयान सामने आया है। अपने बयान में रिया चक्रवर्ती ने न्याय पर विश्वास जताया है।
सुशांत केस: FIR के बाद पहली बार सामने आईं रिया चक्रवर्ती, कहा- 'मीडिया में चल रही...'
दरअसल हाल ही में न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा रिया चक्रवर्ती का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सफेद सूट में रिया चक्रवर्ती अपनी बात मीडिया के सामने रख रही हैं। सिसकते हुए रिया कहती हैं, 'मुझे भगवान और न्याय व्यवस्था पर अटूट विश्वास है। मुझे विश्वास है कि मुझे न्याय मिलेगा ..।'
इसके बाद रिया वीडियो में आगे कहती दिखती हैं, 'हालांकि मीडिया में मेरे बारे में काफी कुछ कहा जा रहा है लेकिन मेरे वकीलों के कहने मुताबिक मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी, सत्यमेव जयते। सच्चाई सामने आएगी।' रिया के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स रिएक्ट कर रहे हैं और कुछ उनका समर्थन कर रहे हैं तो वहीं कुछ इसे ढोंग बता रहे हैं।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने रिया और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुशांत के पिता ने रिया के साथ ही परिजनों पर भी आरोप लगाए और कहा, 'जब रिया को पता था कि मेरे बेटे की मानसिक हालत नाजुक चल रही है तो इस स्थिति में उसका ठीक तरीके से इलाज ना करवाना और उसके इलाज के सारे कागजात अपने साथ ले जाना और मेरे बेटे को उस नाजुक हालात मे अकेला छोड़ देना, और उससे हर तरह के संपर्क तोड़ लेना जिसके कारण मेरे बेटे ने आत्महत्या कर ली तो उसकी मौत की जिम्मेदार रिया एवं इसके परिजन और सहयोगी ही हैं, इसकी जांच की जाए।'
रिया चक्रवर्ती पर पैसों के भी हेरफेर का आरोप लगाते हुए एफआईआर में केके सिंह ने लिखा, 'मुझे अपने पुत्र के एक बैंक खाते की स्टेटमेंट से पता चला है कि पिछले एक साल में लगभग 17 करोड़ रुपये मेरे बेटे के इस खाता नंबर 10*** कोटेक महेंद्रा बैंक में रहे। इस दौरान करीब 15 करोड़ रुपये निकाले गए। इस खाते से पैसा ऐसे खातों में ट्रांसफर हुआ है जिनसे मेरे बेटे का कोई लेना देना नहीं था। मेरे बेटे के सभी खातों की जांच की जाए कि इन बैंक खातों/ क्रेडिट कार्ड से कितना पैसा रिया ने अपने परिजनों एवं सहयोगियों के साथ धोखेबाजी और षडयंत्र से ठगा है।'
पढ़ें: रिया ने ही किया था सुशांत का बांद्रा वाला फ्लैट फाइनल, ब्रोकर ने बताया जल्द शादी करने की कही थी बात