फिल्म ‘शमशेरा’ के लिए यशराज फिल्म्स पहुंचे रणबीर कैमरे में हुए कैद, यूनिट के साथ करते दिखे मस्ती
हिंदी के तमाम बड़े प्रोडक्शन हाउस और सितारे जब अपनी नई या फिर निर्माणाधीन फिल्मों की शूटिंग के लिए देश विदेश मारे मारे फिर रहे हैं, यशराज फिल्म्स ने मुंबई से अपना प्यार बकरार रखा है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद यशराज फिल्म्स ने अपनी एक और फिल्म ‘शमशेरा’ पर काम तेज कर दिया है। मंगलवार को इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर भी यशराज फिल्म्स पहुंचे।
यशराज फिल्म्स की स्लेट के हिसाब से सिनेमाघरों के पूरी क्षमता के साथ खुलते ही सबसे पहले उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इसका एक गाना भी हाल ही में यशराज फिल्म्स में शूट किया गया। फिल्म के लिए सभी कलाकार अपने अपने हिस्से की डबिंग भी पूरी कर चुके हैं।
फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ के बाद यशराज फिल्म्स की तीन और फिल्में कतार में हैं। उनकी एक फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ तो खैर महीनों से रिलीज की राह कोरोना के पहले से तकती रही है। लेकिन, जिन दो बड़ी फिल्मों पर लोगों की असली नजर है, वे हैं ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘पृथ्वीराज’। ‘पृथ्वीराज’ की शूटिंग लंदन से लौटकर अक्षय कुमार ने यशराज फिल्म्स के मुंबई स्थित स्टूडियो में ही फिर से शुरू कर दी है।
यशराज फिल्म्स में सोमवार को हल्ला रहा रणबीर कपूर के आने का। रणबीर कपूर यशराज फिल्म्स की उत्तर भारत के एक डाकू की कहानी पर बन रही फिल्म ‘शमशेरा’ में लीड रोल कर रहे हैं। इस डाकू ने बताते हैं कि आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से लोहा भी लिया था। फिल्म में संजय दत्त भी एक खास किरदार में दिखाई देंगे।